विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सैनिक कल्याण मंत्री ने आवास के बाहर धरना दे रहे उपनल कर्मियों से नहीं की बात, हो रही नारेबाजी

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Tue, 17 Aug 2021 12:51 PM (IST)Updated: Tue, 17 Aug 2021 09:23 PM (IST)

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के हाथीबड़कला स्थित सरकारी आवास के बाहर नाराज उपनल कर्मियों ने धरना शुरू कर दिया ...और पढ़ें

सैनिक कल्याण मंत्री ने आवास के बाहर धरना दे रहे उपनल कर्मियों से नहीं की बात।
सैनिक कल्याण मंत्री ने आवास के बाहर धरना दे रहे उपनल कर्मियों से नहीं की बात।

जागरण संवाददाता, देहरादून।  सरकार से सकारात्मक आश्वासन और उप समिति गठित होने के बाद भी लंबित मांगों का समाधान नहीं होने से उपनल कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इस क्रम में उपनल कर्मचारी महासंघ के तमाम पदाधिकारियों ने मंगलवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के आवास पर प्रदर्शन किया। आज कर्मचारी वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत के आवास पर धरना देंगे।

उपनल कर्मचारी सुबह हाथीबड़कला स्थित सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के आवास पर पहुंचे। गेट पर सुरक्षा कर्मी के न रोकने पर कर्मचारी सीधे अंदर प्रवेश कर गए।

कर्मचारियों ने टीन शेड के नीचे बैठ धरना शुरू कर दिया। इस पर सुरक्षा कर्मियों ने एतराज जताते हुए परिसर से बाहर जाकर धरना देने के लिए कहा, लेकिन उपनल कर्मचारी नहीं माने। इस पर उनके बीच नोकझोंक भी हुई। बाद में कर्मचारियों ने गेट के बाहर धरना दिया। इस दौरान मंत्री उनसे मिले बिना आवास से निकल गए। जिस पर कर्मचारी और भड़क गए। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष कुशाग्र जोशी ने कहा कि उपनल कर्मी कुछ माह पहले 56 दिन तक आंदोलन पर रहे थे। तब मंत्री ने सभी मांगों का जल्द समाधान करने का भरोसा दिया था। आज जब कर्मचारी सैनिक कल्याण मंत्री के आवास पर पहुंचे तो वह बिना मिले चले गए।

महामंत्री हेमंत रावत ने कहा कि उपनल कर्मियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए उप समिति की बैठक भी हो चुकी है। बावजूद इसके उपनल कर्मियों की मांगों को अब तक कैबिनेट में नहीं रखा गया है। कर्मचारी अपनी न्यायोचित मांग को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे। इस दौरान कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष विद्यासागर धस्माना, विनोद गोदियाल, गणेश गोदियाल, महेश भट्ट, विनय प्रसाद, अविनाश जोशी, साकिब अहमद, राकेश राणा, प्रदीप रावत, दीपक, योगेश, संतोष, राधिका, आरती, मीना आदि शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- दो साल से नियुक्ति की राह देख रहे डीएलड प्रशिक्षितों का आंदोलन जारी, उक्रांद का समर्थन