देश को मिले 109 आइएफएस अफसर, केरल के मिधुनमोहन ने किया टाप
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी में 2023-25 बैच के दीक्षांत समारोह में 109 आईएफएस अधिकारी पास हुए। मध्य प्रदेश को सबसे अधिक 17 अधिकारी मिले। केरल के मिधुनमोहन को सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष ने अधिकारियों को नैतिक दायित्वों का पालन करने की सीख दी। कुल 111 अधिकारियों में 22 महिलाएं शामिल हैं।

जागरण संवाददाता, देहरादून। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आइजीएनएफए) के वर्ष 2023-2025 बैच के दीक्षा समारोह के साथ ही देश को 109 आइएफएस अफसर मिल गए। जो अब अपने-अपने कैडर के राज्य में युवा वनाधिकारी के रूप में सेवा देंगे।
पासआउट होने वालों में आइएफएस के अलावा दो प्रशिक्षु अधिकारी भूटान के भी हैं। सर्वाधिक 17 अफसर मध्य प्रदेश को मिले हैं। वहीं, दीक्षा समारोह में सर्वांगीण उत्कृष्ट प्रदर्शन पुरस्कार केरल कैडर के मिधुनमोहन एसबी को मिला।
बुधवार को वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआइ) के दीक्षांत सभागार में आइजीएनएफए के दीक्षा समारोह का उद्घाटन राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस वी रामसुब्रमण्यन के किया। उन्होंने प्रशिक्षु आइएफएस अधिकारियों को अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान किए गए प्रदर्शन के अनुरूप अवार्ड प्रदान किए।
युवा अधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस रामसुब्रमण्यन ने प्रशासनिक दायित्वों के साथ नैतिक एवं सांविधिक प्रतिबद्धताओं के अनुरूप कार्य करने की सीख दी।
अकादमी के निदेशक डा. जगमोहन श्रम ने कहा कि पासआउट होने वाले कुल 111 प्रशिक्षु अधिकारियों में 22 महिला आइएफएस अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि बैच के 50 अधिकारियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंकों से आनर्स डिप्लोमा प्राप्त किया है। इस अवसर पर एफआरआइ की निदेशक डा. रेणु सिंह समेत विभिन्न केंद्रीय और राज्य के वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यवार हिस्से आए युवा आइएफएस अधिकारी
- राज्य, संख्या
- मध्य प्रदेश, 17
- उत्तर प्रदेश, 12
- केंद्र शासित प्रदेश, 08
- पश्चिम बंगाल, 06
- गुजरात, 06
- ओडिसा, 06
- तमिलनाडु, 06
- कर्नाटक, 06
- आंध्र प्रदेश, 05
- हिमाचल प्रदेश, 05
- महाराष्ट्र, 05
- झारखंड, 04
- छत्तीसगढ़, 04
- राजस्थान, 04
- उत्तराखंड, 03
- असम (मेघालय), 03
- हरियाणा, 03
- बिहार, 02
- केरल, 02
- पंजाब, 01
- तेलंगाना, 01
- त्रिपुरा, 01
इन्हें मिला अवार्ड
केंद्र सरकार के पुरस्कार
- सर्वांगीण उत्कृष्ट प्रदर्शन पुरस्कार : मिधुनमोहन एसबी (केरल)
- सर्वश्रेष्ठ आल राउंड फारेस्टर : पृथ्वीराज केएस एसबी (उत्तर प्रदेश)
- मुख्य वानिकी विषयों में टापर : शोभित जोशी (मध्य प्रदेश)
- पी श्रीनिवास स्मृति पुरस्कार : अजय गुप्ता (मध्य प्रदेश)
- संजय कुमार सिंह स्मृति पुरस्कार : नीलम (उत्तर प्रदेश)
डोनर पुरस्कार
- हिम स्मृति पुरस्कार : शोभित जोशी (मध्य प्रदेश)
- डीसी अग्रवाल पुरस्कार : मथुआरसी एम (पश्चिम बंगाल)
- ईपीजी वन्यजीव प्रबंधन पुरस्कार : सोनू कुमार (बिहार)
- आरएन माथुर स्मृति पुरस्कार : अजय गुप्ता (मध्य प्रदेश)
- केपी सग्रेया श्रेष्ठ फारेस्टर पुरस्कार : मिधुनमोहन एसबी (केरल)
- नीलगिरि वन्यजीव क्लब पुरस्कार : शुभम सिंह तंवर (कर्नाटक)
- सुलोचना नायडू स्मृति पुरस्कार : अजय गुप्ता (मध्य प्रदेश)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।