शराब और चरस की तस्करी कर रहे पांच लोग गिरफ्तार, मुकदमा
थराली पुलिस ने चालीस पेटी अंग्रेजी शराब और चरस के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गोपेश्वर, [जेएनएन]: थराली पुलिस ने शराब की तस्करी कर रहे दो लोगों को धर दबोचा है। साथ ही उनके पास से 40 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। जबकि, एक किलो अधिक चरस के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
ग्वालदम पुलिस को जानकारी मिली थी कि निकाय चुनाव के चलते अवैध शराब की आपूर्ति हो रही है। जिसके बाद पुलिस ने घनियालधार ग्वालदम में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कुमांऊ की ओर से आ रहे ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान उसमें 40 शराब की पेटियां मिलीं।
ट्रक चालक दीपक चंद निवासी ग्राम विजयपुर तहसील द्वाराहाट अल्मोड़ा और त्रिलोक सिंह निवासी ग्राम तल्ली सुंडली तहसील द्वाराहाट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही ट्रक को सीज कर दिया है। आरोपितों ने बताया कि निकाय चुनावों में शराब की आपूर्ति की जा रही थी। पुलिस आरोपितों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है। वहीं, पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने पुलिस टीम को ढाई हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
एक किलो चरस के साथ तीन गिरफ्तार
थराली पुलिस ने एक किलो से अधिक मात्रा में चरस के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि आरोपित मैदानी क्षेत्रों में चरस की सप्लाई के धंधे में लगे थे। पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले में नशे के धंधे से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
थानाध्यक्ष थराली सुभाष चंद्र के नेतृत्व में कुलसारी मार्ग पर चेकिंग के दौरान कार को रोककर तलाशी ली। इस पर कार में सवार लोगों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने उनका पीछा कर उन्हें दबोच लिया। आरोपित तस्लीम निवासी मोहल्ला हर्षवाडा नजीबाबाद हाल निवासी कर्णप्रयाग से 612 ग्राम, मनमोहन राम निवासी कंडारा से 488 ग्राम और प्रदीप कुमार निवासी ग्राम कोलडुन्ग्री कर्णप्रयाग से 244 ग्राम चरस बरामद हुई है।
यह भी पढ़ें: शराब तस्करी में आठ महिलाएं गिरफ्तार, ऐसे करती थीं तस्करी
यह भी पढ़ें: 18 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ तीन लोग गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: नौ पेटी अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, एक फरार