मैदान में बढ़ा तापमान, पर्यटकों से गुलजार हुए शीतल पहाड़; यह Tourist Places बनी पहली पसंद
Uttarakhand Tourism बढ़ते तापमान के साथ ही पर्यटकों का रुख अब शीतल पहाड़ों की ओर हो गया है। मौसम साफ होने के कारण हिमालय की चोटियां भी साफ दिखाई दे रही हैं। वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ और बढ़ जाती है। ट्रेकिंग के शौकीन पिंडारी का रुख कर रहे हैं। कौसानी में 25 होमस्टे और 40 होटल हैं जिनमें से 50 प्रतिशत पहले से ही बुक हैं।

घनश्याम जोशी, बागेश्वर। Uttarakhand Tourism: मार्च समाप्ति की ओर है। अप्रैल अपने साथ बढ़ता हुआ तापमान लेकर आ रहा है। मैदानी क्षेत्रों में उमस का प्रभाव बढ़ रहा है और फिर गुलजार होने लगा है शीतल पहाड़। इस समय मैदानी क्षेत्र से पर्यटकों का रुख बागेश्वर के पर्यटन स्थलों की ओर है। कौसानी, बैजनाथ तथा बागनाथ नगरी पर्यटकों से गुलजार है।
बागेश्वर नगर का तापमान अधिक रहता है, इसलिए पर्यटक बाबा बागनाथ के दर्शन के बाद कौसानी या बैजनाथ को लौट रहे हैं। मौसम साफ रहने से हिमालय की श्रृंखलाएं अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ रही है। ट्रेकिंग के शौकीनों का रुख पिंडारी की ओर है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड की इस रोपवे परियोजना को झटका, देरी के कारण कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट रद
दिल्ली, महाराष्ट्र, कोलकाता, मुंबई, गुजरात, राजस्थान, जयपुर, हरियाणा आदि स्थानों के पर्यटकों की पहली पसंद कौसानी है। इसलिए सप्ताहांत ही नहीं, बल्कि यह खास हिल स्टेशन पूरे सप्ताह गुलजार है। यहां का तापमान इस समय 20 से 25 डिग्री के बीच है।
जागरण आर्काइव।
एक सप्ताह से यहां पर्यटकों की चहल-पहल
कौसानी में 25 होमस्टे के अलावा 40 होटल हैं। जहां 50 प्रतिशत बुक हैं। पिछले एक सप्ताह से यहां पर्यटकों की चहल-पहल बनी हुई है। स्थानीय होटल कारोबारी विपिन उप्रेती, बीडी जोशी, कौसानी शाल के मोहन कांडपाल आदि ने बाया कि इस बार पर्यटन अच्छा होने की संभावना है। पहले से ही होटल पैक होने लगे हैं।
यह दर्शनीय स्थल बनी पहली पसंद
रुद्रधारी, अनासक्ति आश्रम, शाल फैक्ट्री, चाय बागान, बैजनाथ मंदिर, सुमित्रानंद पंत संग्राहलय, कोट भ्रामरी मंदिर, बागनाथ मंदिर पर्यटकों की पहली पसंद बनी है। यहां प्रतिदिन 100 से 300 तक सैलानी पहुंच रहे हैं। जिसमें धार्मिक पर्यटक शामिल हैं। इसके अलावा बैजनाथ में बनी कृत्रिम झील में नौकायन का भी वह लुफ्त उठा रहे हैं।
हल्द्वानी से हेली और रेल सेवा का उठाएं लाभ
- पंतनगर हवाई अड्डा से कौसानी लगभग 162 किमी दूर स्थित है।
- हल्द्वानी से गरुड़ के मेलाडुंगरी हेलीपैड तक हेली सेवा शुरू हो गई है।
- हल्द्वानी से सुबह साढ़े आठ तथा दिन में 1.45 बजे उड़ान है।
- इसके अलावा काठगोदाम से टैक्सी का विकल्प है।
- हल्द्वानी से रोडवेज तथा केएमओयू की बसों का संचालन भी होता है।
- काठगोदाम, लगभग 132 किमी दूर है। यह निकटतम रेलवे स्टेशन है।
पर्यटकों को रुख इस बार जल्द शुरू हो गया है। कौसानी के अलावा जिले के अन्य पर्यटक स्थलों की तरफ भी देशी-विदेशी सैलानी पहुंचने लगे हैं। 15 अप्रैल से 15 जून तक पर्यटन सीजन रहेगा। पिछले एक सप्ताह में 2123 पर्यटक अभी तक यहां पहुंचे हैं। यह स्थानीय व्यापारियों के लिए सुखद संदेश है। - पीके गौतम, जिला पर्यटन अधिकारी, बागेश्वर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।