विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Varanasi News: युवती की गला दबाकर हत्या, सीवर के चेंबर में छिपाया शव; आरोपित युवक गिरफ्तार

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Pandey
Published: Sun, 02 Apr 2023 09:04 AM (IST)

गोपाल बाग कालोनी में काम करने वाली युवती सोनम का शव शनिवार को सीवर के चेंबर में मिला। पुलिस के ...और पढ़ें

युवती की गला दबाकर हत्या, सीवर के चेंबर में छिपाया शव
युवती की गला दबाकर हत्या, सीवर के चेंबर में छिपाया शव

संवाद सूत्र, वाराणसी : जैतपुरा की गोपाल बाग कालोनी में लूम संचालक के घर काम करने वाली युवती सोनम का शव शनिवार को सीवर के चेंबर में मिला। पुलिस के अनुसार उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। इसके बाद शव को संकरे चेंबर में डाल दिया गया।

आरोपित ने कबूल की हत्या की बात

इस मामले में वहीं काम करने वाले युवक रिजवान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसने हत्या की बात कबूल की है। पुलिस को बताया कि वह युवती से प्रेम करता था। दूसरे लड़के संग देखकर नाराज था।

बर्तन धोने का काम करती थी युवती

मूल रूप से मीरजापुर के नागरपुर सादीबाघ निवासी धर्मेंद्र कुमार जैतपुरा थाना क्षेत्र के डिगिया इलाके में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता है। वह ठेले पर सब्जी बेचता है। परिवार में तीन बेटे शुभम, सत्यम व सुंदरम हैं। बेटी सोनम (20) अपनी मां सुनीता के साथ गोपाल बाग कालोनी निवासी लूम संचालक ज्ञानचंद सोनकर के घर झाड़ू-पोछा और बर्तन धोने का काम करती थी।

सोनम हर रोज अपनी मां सुनीता के साथ काम करने जाती थी। शनिवार को मां घर के कामों में उलझी तो वह अकेली ही चली गई। सुबह आठ बजे वह लूम संचालक के घर पहुंची। थोड़ी देर बाद उसकी मां सुनीता भी पहुंची तो लूम संचालक की बहू ने उसे बताया कि उसकी बेटी की हत्या हो गई है।

पुलिस ने कब्जे में लिया शव

उसने तत्काल इसकी सूचना धर्मेंद्र व अन्य लोगों को दी। थोड़ी ही देर में भारी भीड़ ज्ञानचंद के घर पर जमा हो गई। सूचना पर मिलने जैतपुरा थाना प्रभारी मथुरा राय ने शव को कब्जे में लिया। डीसीपी काशी आरएस गौतम, एसीपी चेतगंज श्रुति श्रीवास्तव व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

स्वजन ने किया चक्का जाम

सोनम के स्वजन उसकी हत्या में लूम संचालक के परिवार वालों के शामिल होने के आरोप लगा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर जैतपुरा थाने के सामने चक्का जाम कर दिया। मौके पर मौजूद एसीपी चेतगंज व जैतपुरा थाना प्रभारी ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस लूम संचालक के स्वजन के घटना में शामिल होने से इन्कार कर रही है।

इसी मकान के चेंबर में मिली सोनम की लाश

चार फीट गहरा और ढाई फीट चौड़ा है सीवर का चेंबर ज्ञानचंद ने घर के निचले हिस्से में सीवर का चेंबर बनवाया है। चार फीट गहरे व ढाई फीट चौड़े इसी चेंबर में सोनम की लाश पड़ी थी। उसकी हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि बड़ी मुश्किल से इतनी जगह पर उसे रखा गया होगा। बदन पर मौजूद कपड़े कुछ जगहों से फटे थे लेकिन कहीं और चोट नजर नहीं आ रही थी।

युवती को परेशान करता था आरोपित

रिजवान सुनीता ने वहीं काम करने वाले राजापुर निवासी रिजवान पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस को बताया कि वह सोनम को परेशान करता था। इसका विरोध भी किया गया लेकिन नहीं माना। पुलिस ने रिजवान को पकड़कर पूछताछ की। उसने बताया कि वह सोनम से प्यार करता था। उसे दूसरे लड़के के साथ देखा था। यह बात उसे नागवार गुजरी और उसकी हत्या कर दी।

वीडियो फुटेज में नजर आया आरोपित

पुलिस ने लूम संचालक ज्ञानचंद के घर लगे कैमरों के फुटेज जांची। इसमें सोनम घर में दाखिल होते दिख रही है। पीछे ही रिजवान आता दिख रहा है। वह सोनम को जबरन मकान के पीछे के हिस्से में गलियारे की तरफ ले जाता है। इसी तरफ वह चेंबर है जिसमें सोनम की लाश मिली। पुलिस की मानें तो रिजवान ने ही हत्या के बाद लूम संचालक के स्वजन व आसपास के लोगों को हत्या की जानकारी दी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।