विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वंदे भारत एक्सप्रेस चलाकर श्रीनी श्रीवास्तव ने बनाई पहचान, अब बुलेट ट्रेन दौड़ाने का सपना, हौसले बुलंद

Published: Mon, 09 Nov 2026 01:05 PM (GMT+05:30)

सहायक लोको पायलट श्रीनी श्रीवास्तव ने वंदे भारत एक्सप्रेस चलाकर देश भर में पहचान बनाई और प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुईं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. वंदे भारत एक्सप्रेस चलाकर श्रीनी श्रीवास्तव ने देश में पहचान बनाई।

  2. प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

  3. अब उनका लक्ष्य बुलेट ट्रेन की ड्राइविंग सीट संभालना है।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। लोक निर्माण विभाग में अमीन रहे पंकज श्रीवास्तव के सिगरा अंतर्गत छित्तूपुर स्थित आवास पर पर्व की खुशियों ने डेरा डाल रखा है। उनके घर में ये खुशियां उनकी बेटी व रेलवे में सहायक लोको पायलट श्रीनी श्रीवास्तव की बदौलत आई हैं। साधारण परिवार में जन्मी श्रीनी ने पहले रेलवे में नौकरी पाई, फिर ट्रेनिंग प्राप्त कर पहले चेयरकार वंदे भारत, फिर स्लीपर वंदे भारत (31 अक्टूबर को रेलमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटित) की ड्राइविंग सीट संभाली और अपनी काबिलियत के बल पर पूरे देश में नई पहचान बनाई।

वे कहती हैं कि वंदे भारत चलाई तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने तीसरे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का अवसर दिया था, जिससे मुझे पूरे देश में नई पहचान मिली। अब इच्छा बुलेट ट्रेन की ड्राइविंग सीट संभालने की है। अवसर मिला तो इसे अपना सौभाग्य समझूंगी।

दैनिक जागरण से बातचीत में गाजीपुर जनपद के सरैया छावनी निवासी श्रीनी ने बताया कि नौकरी पाने की राह में दुश्वारियां भी कम नहीं रहीं। इसलिए कि पुरुष प्रधान समझी जाने वाली सहायक लोको पायलट की नौकरी का फार्म भरना भी आसान नहीं था।

चूंकि उन्होंने सुलतानपुर स्थित राजकीय महिला पालिटेक्निक से डिप्लोमा किया था, इसलिए सहायक लोको पायलट की नौकरी हासिल करना उनके लिए मुफीद था। पिता पंकज, मां माया, बड़ी बहन सारिका (अध्यापिका), शालिनी, बड़े भाई अभिषेक (निजी कंपनी में वरिष्ठ प्रबंधक) का संबल मिला तो नौकरी के लिए फार्म भरने का रास्ता साफ हुआ और 10 अप्रैल 2017 को पूर्वोत्तर रेल के गोरखपुर में सहायक लोको पायलट के पद पर नौकरी मिल गई।

अफसरों ने पहचानी काबिलियत

काबिलियत और कर्तव्यनिष्ठ होने के कारण श्रीनी को अफसरों ने पहचाना और वे मूलत: गाजीपुर निवासी होने के कारण ट्रांसफर लेकर वाराणसी आ गईं। यहां वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की विशेष ट्रेनिंग का मौका मिला तो आगे बढ़कर जिम्मेदारी उठाई।

गोरखपुर स्थित बहुविषयक पद्धति प्रशिक्षण केंद्र में ट्रेनिंग प्राप्त की। इसी प्रशिक्षण के कारण उन्हें 2023 में उद्घाटित 22415 चेयरकार वंदे भारत एक्सप्रेस की ड्राइविंग सीट संभालने की जिम्मेदारी मिली तो फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

इसी उपलब्धि के कारण उन्हें नौ जून 2024 को प्रधानमंत्री के तीसरे शपथ ग्रहण समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए नई दिल्ली जाने का अवसर मिला, जहां से वे खूब प्रसिद्धि बटोर कर लौटीं।

वे कहती हैं कि स्लीपर वंदे भारत के उद्घाटन के दिन ही रेलमंत्री ने बुलेट ट्रेन चलाने की मंजूरी मिलने की जानकारी दी थी। उसी दिन से से मेरे मन में एक आकांक्षा बलवती हो रही कि कब बुलेट ट्रेन की ड्राइविंग सीट संभालने की जिम्मेदारी मिले और उसे बखूबी संभाल पाऊं।

srini

सहायक लोको पायलट बनना गर्व की बात, बेटियां आगे आएं

बकौल श्रीनी काम करने का जज्बा हो तो बेटियों के लिए रेलवे में नौकरी करने का माहौल अनुकूल है। सहायक लोको पायलट की नौकरी तो मेरी नजर में गर्व की बात है। इसलिए कि हमारे ऊपर यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होती है।

ड्राइविंग सीट पर बैठने के बाद एकाग्रता की जरूरत होती है। मसलन, हार्न, मीटर, सिग्नल, रफ्तार पर निगरानी रखनी पड़ती है। 26 सेकेंड में वंदे भारत सौ किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है। लिहाजा यात्रा के दौरान हमेशा सतर्क रहना पड़ता है।

अधिकारी करते हैं प्रोत्साहित, माहौल अनुकूल

श्रीनी कहती हैं कि रेलवे में नौकरी ज्वाइन किए नौ साल हो चुके हैं। इस दौरान मुझे किसी अन्य संस्थान में नौकरी करने की जरूरत महसूस नहीं हुई। इसलिए कि व्यवस्थाएं लगातार बेटियों की सुरक्षा और जरूरत के लिहाज से बदल रही हैं। रेल मंडल प्रशासन के मुखिया (डीआरएम) समेत सभी अधिकारी मेरा उत्साहवर्धन करते हैं। हमें कई बार रात में ड्यूटी आफ करनी होती है। ऐसे समय में हमें प्रापर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

यह भी पढ़ें- वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से नई द‍िल्‍ली की कमान नारी शक्ति के हाथ, श्रीनी श्रीवास्तव बनेंगी सहायक लोको पायलट

यह भी पढ़ें- वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ाने वाली पहली महिला लोको पायलट बनीं श्रीनी श्रीवास्तव, गाजीपुर की धरती से गहरा नाता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।