Monsoon Update 2022 : मानसून ने बिहार में दी दस्तक, सप्ताह भर में मानसून उत्तर प्रदेश में होगा सक्रिय
बहुप्रतीक्षित मानसून ने अब बिहार में दस्तक दे दी है। इस सप्ताह भर में मानसून उत्तर प्रदेश में होगा सक्रिय होने जा रहा है। इस लिहाज से माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत में बारिश का दौर शुरू होगा।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। मानसून को लेकर खुशखबरी यह है कि आखिरकार लगभग दस दिनों से उत्तर पूर्व में बिहार बंगाल की सीमा पर ठहरा मानसून अब सुस्त रफ्तार से ही सही लेकिन चल पड़ा है। अब सप्ताह भर में मानसून आने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। मानसूनी की सक्रियता के बीच अब हालात यह बन गए हैं कि पहले जो मानसून सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल होता था वह अब गोरखपुर और बलिया जिले के रास्ते दाखिल हो सकता है।
मौसम विभाग की ओर से मानसून की रफ्तार में इजाफा का संकेत है। सोमवार की दोपहर जारी रिपोर्ट के अनुसार मानसून अब सिक्किम के आगे उत्तरी पश्चिम बंगाल के साथ ही उत्तरी बिहार में भी सक्रिय हो चुका है। जबकि दक्षिण की ओर बंगाल की खाड़ी में ही अभी मानसून लगभग दो सप्ताह से ठहरा हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों या इसी सप्ताह के आखिर तक मानसून पूर्वांचल के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल हो जाएगा।
मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार अब मानसून कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और गोवा के साथ ही पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। जबकि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और गुजरात में मानसून की दस्तक हो चुकी हैं और यहां कई इलाकों में मानसून बारिश भी करा रहा है। दक्षिण पश्चिम मानसून अब मध्य प्रदेश की सीमा पर दस्तक दे रहा है।
पूर्वोत्तर से आगे बढ़ा मानसून अब पश्चिम बंगाल और बिहार में भी दस्तक दे चुका है। कुछ घंटों में पटना तक मानसूनी सक्रियता की उम्मीद है तो दूसरी ओर सप्ताह भर में मानसून पूर्वांचल के रास्ते उत्तर प्रदेश में भी दस्तक देने जा रहा है। पूर्वांचल में इस बार मानसून सोनभद्र की जगह गोरखपुर या बलिया के रास्ते दस्तक दे सकता है। इसकी वजह बंगाल की खाड़ी में मानसून के हालात में स्थिरता है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मानसून अब सक्रिय मोड में अरब सागर की ओर है। वहीं पूर्वोत्तर से भी मानसूनी बादल आगे बढ़े हैं। इस लिहाज से अगला पखवारा शुरू होने के बाद बारिश और बूंदाबांदी के साथ ही बादलों की सक्रियता का दौर उत्तर प्रदेश में शुरू हो जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।