'सभी बलात्कारी भाजपा के निकले...' Varanasi Rape Case को लेकर क्या बोले अखिलेश यादव? कहा- अन्याय हो रहा है
Varanasi Rape Case समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वाराणसी में छात्रा से सामूहिक बलात्कार की घटना पर योगी सरकार को घेरते हुए कहा कि पकड़े ग ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने वाराणसी में एक छात्रा के साथ हुए सामूहिक बलात्कार की घटना को लेकर योगी सरकार को घेरा। अखिलेश यादव का कहना है कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से संबंधित थे।
लखनऊ में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में पढ़ने वाली जिस बेटी के साथ बलात्कार हुआ, उसमें जितने भी लोग पकड़े गए, वे सभी भारतीय जनता पार्टी के थे। कानून व्यवस्था पर प्रश्न भाजपा से ही पूछे जाने चाहिए।
यूपी में महिलाएं असुरक्षित: अखिलेश
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के आंकड़े स्वयं दर्शाते हैं कि यहां महिलाएं और बेटियां सबसे अधिक असुरक्षित हैं। उनके साथ अन्याय और भेदभाव हो रहा है। यहां जाति और पार्टी के आधार पर कार्रवाई की जाती है। निर्दोष लोगों पर झूठे मुकदमे लगाए जा रहे हैं। विपक्ष को कमजोर करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।
"बीएचयू में जो बेटी पढ़ती थी उसके साथ जो बलात्कार हुआ उसमें जितने लोग निकले सब भारतीय जनता पार्टी के लोग थे।"
- माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/KK2dvN7lsh
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) April 11, 2025
दुष्कर्म के नौ आरोपियों को पुलिस ने भेजा जेल
बता दें कि वाराणसी में 23 लड़कों ने एक छात्रा को सात दिनों तक अपनी हवस का शिकार बनाया था। इस मामले के प्रकाश में आने के बाद से ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर संज्ञान लिया है।
पीड़िता से दुष्कर्म के 23 आरोपितों में से नौ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में उनका मेडिकल कराया। इस दौरान अस्पताल परिसर में उन पर हमला किया गया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें बचाया। भारी सुरक्षा के साथ सभी आरोपितों को रात में अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।