उन्नाव में मुठभेड़, बच्चे की गोली लगने से मौत के मामले में फायरिंग करने वाले को लगी गोली, गिरफ्तार
उन्नाव के गंगाघाट क्षेत्र में बच्चे की गोली लगने से हुई मौत के मामले में फायरिंग करने वाला अशोक पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग में 10 वर्षीय अजीत की जान चली गई थी। पुलिस ने अशोक को लखापुर के जंगलों में घेर लिया जिसके बाद उसने पुलिस पर फायरिंग की।

जागरण संवाददाता, उन्नाव। गंगाघाट क्षेत्र के गगनीखेड़ा में रंजिश के चलते रविवार रात फायरिंग में बच्चे की माैत के मामले में सोमवार दोपहर फायरिंग करने वाले की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से आरोपित घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गगनीखेड़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार रात फायरिंग हुई थी। विवाद देखने घर से बाहर निकले सोनू के 10 वर्षीय बेटे अजीत की सीने में गोली लगने से मौत हो गई थी। सोनू की तहरीर पर पुलिस ने अशोक विनोद पुत्र हीरालाल, अशोक के भांजे, लल्लू, अमित व सुरेश निषाद के अलावा दो अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर फायरिंग करने वाले की तलाश शुरू की थी।
जांच में पता चला कि अशोक की गोली से ही अजीत की मौत हुई है। पुलिस अशोक की तलाश में छापेमारी कर रही थी। सोमवार दोपहर पुलिस को पता चला कि अशोक निषाद क्षेत्र में ही पंचायत भवन लखापुर के आगे कीकर के बबूल के जंगलों में छिपा बैठा है। इस पर स्वाट व गंगाघाट कोतवाली की संयुक्त टीम ने वहां पहुंचकर उसका घेराव किया। खुद को घिरा देख अशोक ने पुलिस पर फायरिंग की।
खुद को बचाते हुए पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें पैर में गोली लगने से अशोक घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा व एक कारतूस व एक खोखा बरामद किया है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एएसपी अखिलेश सिंह ने बताया कि आरोपित अशोक के पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।