Kanpur-Lucknow आने-जाने वालों के लिए राहत, 150 करोड़ की लागत से बना सरैया आरओबी चालू
शुक्लागंज में सरैया आरओबी बुधवार दोपहर को चालू हो गया, जिससे सरैया क्रासिंग पर लगने वाले भीषण जाम से लाखों ...और पढ़ें

सरैया आरओबी से निकलने वाहन सवार। जागरण
HighLights
सरैया आरओबी बुधवार दोपहर साढ़े 12 बजे चालू हुआ।
दो लाख से अधिक राहगीरों को जाम से बड़ी राहत मिली।
150 करोड़ की लागत से 1.129 किमी लंबा पुल बना।
संवाद सहयोगी, शुक्लागंज(उन्नाव)। सरैया आरओबी बुधवार को दोपहर साढ़े 12 बजे चालू हो गया। सरैया आरओबी के चालू होते ही सैकड़ों की संख्या में दोनों ओर से वाहन आवागमन करने लगे। आरओबी चालू होते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना रहा कि सरैया क्रासिंग पर रोजाना लगने वाले जाम से राहगीरों को बड़ी राहत मिली है। कानपुर से लखनऊ व लखनऊ से कानपुर का सफर सुगम हो गया।
राहगीरों के एक अनुमान के अनुसार सरैया क्रासिंग से रोजाना लगभग दो लाख से अधिक वाहन सवार राहगीरों का आवागमन रहता है। ट्रेनों के निकलने के दौरान सरैया क्रासिंग के दिन में कई बार बंद रहने पर हजारों की संख्या में राहगीरों को जाम में फंसकर घोर दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बुधवार को सरैया आरओबी चालू होते ही वाहन सवार राहगीरों को सरैया जाम की समस्या से छुटकारा मिल गया।
वर्ष 2022 में सेतु निगम द्वारा सरैया आरओबी का निर्माण शुरू कराया गया था। पुल की लंबाई लगभग 1.129 किलोमीटर है, जिसे लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। आरओबी को बनने में चार वर्ष से अधिक का समय लगा। डिवाइडर के दोनों ओर साढ़े सात मीटर चौड़ी सड़क बनाई गई है।
बता दें कि पहले आरओबी को मरहला चौराहे तक बनाया जाना था, जिसे लेकर मरहला चौराहे पर जाम की दिक्कत आड़े आ रही थी, जिस पर आरओबी को मरहला चौराहे से लगभग साढ़े तीन सौ मीटर आगे आजाद मार्ग की ओर बनाए जाने का निर्णय लिया गया। अतिरिक्त लागत के लिए एस्टीमेट भेजा गया। 15 माह तक अतिरिक्त लागत धनराशि को लेकर काम अटका रहा।
धनराशि मंजूर होते ही मार्च 2025 से फिर काम तेजी से शुरू हुआ। बुधवार दोपहर को आरओबी चालू कर दिया गया। आरओबी पर लगभग 52 विद्युत पोल लगाए गए हैं। लेकिन उनमें लाइट लगने का काम अभी पूरा नहीं हो सका है। त्योहार व जाम की वजह से बिना लोकार्पण के ही इसे शुरू करा दिया गया है।
जनसुविधा को देखते हुए अभी ट्रायल के लिए पांच दिन के लिए आरओबी को खोला गया है। लोकार्पण शासन के निर्देश पर कराया जाएगा।
- घनश्याम मीना, डीएम
सरैया आरओबी से होकर कानपुर से लखनऊ जाना व आना हुआ आसान
सरैया आरओबी चालू होने की लोगों में बेहद खुशी है। नगर के लोगों में राकेश तिवारी, राजेश बाजपेई, वीरेंद्र यादव व प्रमोद मिश्रा आदि लोगों ने बताया कि अब आरओबी के चालू होने से सरैया पर लगने वाले जाम से राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। लखनऊ से कानपुर व कानपुर से लखनऊ आने जाने वाले राहगीरों का सफर सुगम हो जाएगा। सरैया क्रासिंग के जाम से छुटकारा मिल जाएगा। डेढ़ घंटे में लोग लखनऊ से कानपुर व कानपुर से लखनऊ तक का सफर कर सकेंगे। अभी तक लखनऊ पहुंचने में सरैया क्रासिंग के जाम की वजह से लगभग ढाई घंटे से अधिक का समय लगता था।
लाइट व वेलकम बोर्ड लगने का काम बाकी
सरैया आरओबी पर लगभग 52 विद्युत पोल लगाए गए हैं। लेकिन उनमें लाइट लगने का काम अभी पूरा नहीं हो सका है। इसके अलावा वेलकम बोर्ड व केटआई व रंगरोगन के काम शेष रह गए हैं। जिनका काम चल रहा है। जिसे जल्द पूरा कराए जाने की बात उप परियोजना प्रबंधक एसके सुमन ने कही है। गोल चौराहे का मेंटीनेंस कार्य भी अभी शेष है। जिसे लोक निर्माण विभाग करा रहा है।
त्योहार व जाम की वजह से बिना उद्घाटन चालू हुआ आरओबी
- धनतेरस व दीपावली त्योहार और सरैया व मरहला चौराहे पर रोजाना लगने वाले जाम को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर सेतुनिगम के अधिकारियों को बुधवार को ही आरओबी चालू करा दिया। आरओबी को चालू किए जाने को लेकर लोकार्पण जैसी कोई बात नहीं रही। सेतु निगम के अधिकारियों का कहना रहा कि त्योहार व जाम की समस्या को देखते हुए फिलहाल आरओबी चालू करा दिया गया है।
जाजमऊ पुल की मरम्मत में भी होगी सहूलियत
जाजमऊ के पुराने गंगापुल पर इन दिनों मरम्मत का कार्य चल रहा है। हल्के वाहनों को जाजमऊ पुल की एक लेन से निकाला जा रहा है। बड़े वाहनों व रोडवेज बसों को आजादमार्ग चौराहा से डायवर्जन कर सरैया क्रासिंग, मरहला चौराहा व बैराज मार्ग होते हुए निकाला जा रहा था। जिससे रोजाना घंटों तक राहगीरों को जाम से जूझना पड़ता था। अब सरैया आरओबी चालू हो जाने से वाहन सीधे आजादमार्ग चौराहे से मुड़कर सरैया आरओबी होते हुए बैराज मार्ग से कानपुर निकलते चले जाएंगे। सरैया आरओबी चालू होने से अब जाजमऊ गंगापुल के मरम्मत कार्य में सहूलियत रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।