लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर एक और औद्योगिक गलियारा, उन्नाव में खुलेंगे रोजगार के अवसर; इन 32 गांवों में तलाशी जाएगी जमीन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के किनारे उन्नाव में नया औद्योगिक गलियारा बनेगा। यह पहल जिले में औद्योगिक विकास को गति देगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगी।

HighLights
मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर औद्योगिक गलियारा बनाने के निर्देश।
उन्नाव के 32 गांवों में तलाशी जाएगी गलियारे के लिए जमीन।
यह पहल जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार बढ़ाएगी।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। पहले से ही पांच प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों की मजबूत बुनियाद पर खड़ा उन्नाव अब औद्योगिक विकास के मामले में और अधिक समृद्ध होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनिर्मित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कारिडोर और उसके आसपास के क्षेत्र में एक नया औद्योगिक एवं लाजिस्टिक गलियारा स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले के बाद एक ओर जहां शासन स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है, वहीं जिला प्रशासन को भी विस्तृत दिशा-निर्देशों का इंतजार है।
वर्तमान में जनपद के दही क्षेत्र, बंथर, अकरमपुर, सफीपुर और बांगरमऊ में औद्योगिक आस्थान पूरी तरह से विकसित हैं। यहां छोटी-बड़ी मिलाकर लगभग 3,000 औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं, जिनसे सालाना करीब 5,000 करोड़ रुपये का आयात-निर्यात कारोबार होता है। इसके अतिरिक्त, गंगा एक्सप्रेसवे के निकट सदर तहसील के बिछिया विकासखंड स्थित गांव सरांय कटियान में दो चरणों के अंतर्गत 228 हेक्टेयर भूमि पर एकीकृत विनिर्माण और लाजिस्टिक्स क्लस्टर (आइएमएलसी) विकसित किया जा रहा है।
इसके प्रथम चरण में 116 हेक्टेयर भूमि पर यूपीडा और शासन की ओर से 216 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, बिजली, पानी और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। वहीं, दूसरे चरण के लिए 112 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण लगभग पूरा हो चुका है और यहां भी जल्द विकास कार्य शुरू होंगे। इसी क्रम में जनपद के बांगरमऊ और सदर तहसील में 250-250 हेक्टेयर भूमि पर दो डिफेंस कारिडोर (रक्षा गलियारे) भी विकसित किए जा रहे हैं।
सदर तहसील में इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, जबकि बांगरमऊ में जमीन का चिह्नांकन पूरा हो चुका है और किसानों से सहमति लेने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अब लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के किनारे एक और औद्योगिक गलियारा बनने की तैयारी से जिले के कुशल और बेरोजगार युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
इन 32 गांवों में तलाशी जाएगी गलियारे के लिए जमीन
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का 45 किलोमीटर लंबा ग्रीन कारिडोर उन्नाव के जिन प्रमुख गांवों से होकर गुजरता है, उन्हीं के आसपास भूमि की तलाश की जाएगी।
- हसनगंज तहसील : हिनौरा, हसनापुर, बजेहरा।
- पुरवा तहसील : तूरी छबिनाथ, रायपुर, मैदपुर, मनिकापुर, तूरी राजा साहब, बछौरा, सरइया, कांथा (डाटाउली कंथा), कुदिकापुर, भीखामऊ, सहरावां, काशीपुर।
- सदर तहसील : मोहिद्दीनपुर, बेहटा, अमरसस, शिवपुर ग्रंट, बंथर, जगेथा (जगेहठा), नेवरना (नवेरना), कड़ेर पतारी, आंटा, कोरारी कला, करौंदी, गौरीशंकरपुर ग्रंट, पाठकपुर, जरगांव, तौरा (तऊरा), अड़ेरुवा।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे : एक नजर में
लगभग 4,200 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह 63 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे लखनऊ में शहीद पथ के पास से शुरू होकर उन्नाव होते हुए आजाद मार्ग स्थित आजाद चौराहा के निकट जुड़ता है। इसमें 18 किलोमीटर का हिस्सा लखनऊ क्षेत्र में आता है, जो एलिवेटेड मार्ग है, जबकि, शेष 45 किलोमीटर का हिस्सा उन्नाव जनपद में है, जिसे ग्रीन कारिडोर के रूप में विकसित किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।