विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उरई में ली विधायकों की क्लास, अनुशासन और एकजुटता पर दिया जोर

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:48 PM (IST)

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उरई में भाजपा विधायकों और जिलाध्यक्ष के साथ बैठक की। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, अनुशासन बनाए रखने और जनता से जुड़ाव पर जोर दिया, साथ ही विनोद चतुर्वेदी के पार्टी में आने के प्रभाव पर भी चर्चा की।

News Article Hero Image

HighLights

  1. उपमुख्यमंत्री मौर्य ने उरई में भाजपा पदाधिकारियों संग की बैठक।

  2. आगामी चुनाव की तैयारियों, अनुशासन व जनता से जुड़ाव पर जोर दिया।

  3. विनोद चतुर्वेदी के भाजपा में आने के प्रभाव पर भी चर्चा हुई।

जागरण संवाददाता, उरई। टिकट किसको मिलेगा के सवाल पर भले ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सधे शब्दों में यह कह गए कि सभी मिल कर लड़ेंगे और कमल खिलाएंगे लेकिन संशय मिटाने और जनपद का चुनावी ताप समझने के लिए सर्किट हाउस के बंद कमरे में आधा घंटे तक जिलाध्यक्ष व तीनों विधायकों सहित सभी पदाधिकारियों से वार्ता की।

पार्टी सूत्रों के अनुसार इस दौरान उन्होंने जनपद का चुनावी ताप परखा और विधायकों से प्रेम से रहने और अनुशासन बनाए रखने की बात कही। जनता से जुड़ाव बनाए रखने के लिए गांव-गांव भ्रमण पर जोर दिया।उनकी इस वार्ता को टिकट वितरण से भी जोड़ा जा रहा है।

मालूम हो कि इससे पहले भी जिले में तीनों सीटों पर टिकट को लेकर अंदर ही अंदर खींचतान होती रही है। सपा छोड़ कर भाजपा में आए कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी से अलग से बात की और कहाकि चतुर्वेदी के आने से काफी प्रभाव पड़ेगा।

25 अगस्त को जनपद आए मुख्यमंत्री ने मंच से सभी विधायकों का नाम लेने के साथ एक साथ जुट जाने का आह्वान करते हुए कालपी विधायक का नाम कई बार मंच से लेकर उनका हौसला भी बढ़ाया था। इसी के बाद 14 अक्टूबर को विनोद सपा छोड़ भाजपा में आ गए थे।


भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित की बेटी के वैवाहिक कार्यक्रम में सहभागिता करने आए उप मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस के बंद कमरे में करीब आधा घंटे वार्ता की। पार्टी सूत्रों के अनुसार उपमुख्यमंत्री ने आने वाले विधानसभा चुनाव की जनपद स्तर की तैयारी को समझा। इस दौरान तीनों विधानसभा क्षेत्र के विधायकों से कहा कि जनता के साथ जुड़ाव बनाए रखें और योजनाओं का लाभ हर पीड़ित तक पहुंचाने का प्रयास करें।

मौजूद विधायकों व अन्य पदाधिकारियों की ओर देखते हुए कहा कि अब तो विनोद चतुर्वेदी साथ आ गए हैं तो इसका फर्क पड़ना चाहिए। जिलाध्यक्ष से जिला कार्यकारिणी के गतिविधियों के साथ बूथों पर तैयारी की भी जानकारी ली और कहा कि सक्रियता बनाए रखें और मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर जोर दें। युवा व महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने को लेकर भ्रमण तेज करने और नजर बनाए रखने की बात कही।

मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल

सपा की गुंडागर्दी व अराजकता अब प्रदेश की जनता नहीं चाहती है। जब से योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कमान संभाली है तो कानून व्यवस्था बिल्कुल चुस्त दुरुस्त है। तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार आ रही है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को लोक निर्माण निरीक्षण भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बातें कहीं। उन्होंने इस दौरान 2027 में विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, के सवाल पर योगी का नाम लेने के स्थान पर कहा कि यूपी में मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।