फिर विवादों में करौली शंकर! दो हजार के स्कूटर से दो करोड़ की डिफेंडर तक का सफर, आखिर कैसे बढ़ा करौली धाम का साम्राज्य?
करौली शंकर संतोष भदौरिया एक बार फिर विवादों में हैं, उन पर पूर्वज मुक्ति के नाम पर वसूली और पाखंड का आरोप है। 23 साल में दो हजार के स्कूटर से दो करोड़ की कार तक का उनका सफर और आश्रम का साम्राज्य कई गंभीर आरोपों से घिरा है।

करौली शंकर। इंटरनेट मीडिया
HighLights
करौली शंकर संतोष भदौरिया पर पूर्वज मुक्ति के नाम पर वसूली का आरोप।
23 साल में दो हजार के स्कूटर से दो करोड़ की कार तक का सफर।
झाड़-फूंक, पाखंड और कई संदिग्ध मौतों को लेकर विवादों में घिरे।
जागरण संवाददाता, कानपुर। करौली शंकर धाम के संतोष भदौरिया उर्फ करौली शंकर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। झाड़-फूंक व पाखंड को बढ़ावा देने के आरोप में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण ने उन्हें अखाड़े से निष्कासित किया तो बाबा द्वारा चमत्कार के दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। पूर्वज मुक्ति व प्रेत बाधाओं से मुक्ति दिलाने के नाम पर तंत्र-मंत्र से मृत व्यक्तियों में आत्मा डालकर उन्हें जीवित करने का आडंबर कर पीड़ितों से वसूली का आरोप उन पर है।
उनका आर्थिक साम्राज्य कैसे बढ़ा, इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि 31 साल पहले दो हजार के स्कूटर से चलने वाले बाबा अब दो करोड़ रुपये कीमत की डिफेंडर कार के लैंड रोवर व रेंज रोवर समेत कई महंगी गाड़ियों व दो दर्जन बाउंसर के घेरे में चलते हैं। वहीं, करौली शंकर के जनसंपर्क अधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि वह अभी चिकित्सा कर रहे हैं। इसके बाद कई बार संपर्क किया गया पर बात नहीं कराई गई।
उन्नाव के पवई गांव में जन्मे संतोष सिंह भदौरिया वर्ष 1990 के आसपास भारतीय किसान यूनियन में नेता बनने की इच्छा से शामिल हुए। जानकार बताते हैं कि 1994-95 तक वह भाकियू के जिलाध्यक्ष रहे, तभी किसानों संग कचहरी में धरना प्रदर्शन में तत्कालीन उपजिलाधिकारी छुटई राम का सिर लाठी लगने से फटने व कई अधिकारियों के घायल होने पर पुलिस ने बलवा, मारपीट, तोड़फोड़ की धाराओं में कार्रवाई की थी।
इसके बाद बाबा ने प्रापर्टी डीलिंग का काम शुरू किया, तभी यहां तैनात एक आइपीएस अधिकारी से उनके घरेलू संबंध बने। आरोप है कि बाबा ने विवादित जमीनों की खरीद-फरोख्त की व करौली गांव में एक भदौरिया परिवार की जमीन लेकर आश्रम बना आयुर्वेदिक एवं प्राकृतिक चिकित्सा के अस्पताल खोले। वर्ष 2017 में वह करौली शंकर सरकार के रूप में सामने आए। इनके वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने पर आश्रम में देश-विदेश के लोग आने लगे।
घुरुवाखेड़ा गांव निवासी ओमप्रकाश बाबा का बहुत नजदीकी था, जिसने सबसे पहले उनके कामों का चिट्ठा खोला था। बाद में संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव रेलवे पटरी पर पड़ा मिला था। आरोप है कि दो माह पहले बाबा ने आश्रम के पास गेस्ट हाउस संचालक नरेंद्र कुशवाह की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध पर एक युवती से उसपर मुकदमा दर्ज करा जेल भिजवा दिया था।
वर्ष 2023 में नोएडा के डा. सिद्धार्थ चौधरी द्वारा पाखंड बताते हुए प्रश्न पूछने पर सेवादारों ने बंधक बना आश्रम में मारपीट की थी। अपने मानसिक बीमार बेटे का उपचार कराने आए झारखंड के देवघर के बुजुर्ग मुरली यादव 26 जनवरी, 2023 को आश्रम से रहस्यमयी ढंग से गायब हो गए थे, जो आज तक नहीं मिले। उनके छोटे बेटे ने बाबा पर आरोप लगाया था। गुजैनी के अजय राठौर का आरोप था कि उनकी कैंसर पीड़ित मां के उपचार के नाम पर दो लाख लिए गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।