कानपुर डीएम ने सीएम ग्रिड की सड़कों को पूरा करने की दी डेडलाइन, जागरण प्रश्न पहर में जनता के सवालों पर दिए जवाब
दैनिक जागरण के 'प्रश्न पहर' में कानपुर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनता की समस्याओं को सुना। उन्होंने सड़क, बिजली, मतदाता सूची की गड़बड़ी और अतिक्रमण सहित विभिन्न मुद्दों पर तत्काल समाधान का आश्वासन दिया।

दैनिक जागरण के प्रश्न पहर में पाठकों के सवालों का जवाब देते जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर । जागरण
HighLights
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने जनता की शिकायतें सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
सड़क, अतिक्रमण, मतदाता सूची और जनगणना जैसे मुद्दों पर दिए गए निर्देश।
कुछ समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने के आदेश, विभागों को समन्वय का भरोसा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कहीं सड़क अधूरी है तो कहीं बिजली का जर्जर पोल हादसे को दावत दे रहा है। किसी की जमीन पर कब्जा नहीं मिल रहा तो कोई मतदाता सूची की गड़बड़ी और स्वगणना के सवालों से परेशान है। समस्याएं छोटी हों या बड़ी, आम आदमी की जिंदगी पर उनका असर बड़ा होता है।
इन्हीं परेशानियों को आवाज देने का मंच बना दैनिक जागरण का 'प्रश्न पहर'। बुधवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर से पाठकों ने सीधे सवाल किए और अपनी पीड़ा बताई। डीएम ने समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों से समन्वय कर समाधान कराने का भरोसा दिया। कुछ समस्याओं को सुनकर तत्काल निस्तारण के आदेश दिए। ...।
- पोलिंग स्टेशन बदल दिया गया है, जिससे परेशानी हो रही है। जनगणना को लेकर भी परेशानी हो रही है।- जयप्रकाश साहू, आजाद नगर
- संबंधित क्षेत्र के बीएलओ को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी, अगर पोलिंग स्टेशन बदला गया है, तो कारण पता किया जाएगा। नियम के अनुसार जो संभव कार्रवाई होगी वह की जाएगी।
- कोर्ट से बंटवारे को लेकर फाइनल आदेश हो चुका है, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी से परेशानी हो रही है।- संदीप कुमार पांडे, दामोदर नगर
- कोर्ट के आदेश लेकर किसी भी कार्यदिवस पर कार्यालय आ सकते हैं, अगर आदेश का अनुपालन सुनिश्चित नहीं हो रहा है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- फर्जी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?- कपिल सब्बरवाल, लाजपत नगर
- मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। बीएलओ के माध्यम से घर-घर सत्यापन कराया जा रहा है। किसी व्यक्ति का नाम दो स्थानों पर दर्ज होने, मृतक या स्थानांतरित मतदाता का नाम सूची में बने रहने की शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। फर्जी प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
- मतदाता सूची में दो लोगों के नाम दर्ज हो गए हैं, जबकि तीसरे का नाम अभी तक नहीं जुड़ा है।- सुरेश अवस्थी, पांडु नगर
- मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और गलत प्रविष्टियों को हटाने के लिए अलग-अलग प्रक्रियाएं निर्धारित हैं। जिनका नाम दो जगह दर्ज है, वे संबंधित निर्वाचन अधिकारी को सूचना दें। नए मतदाता का नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 भरना होगा। संबंधित बीएलओ से भी संपर्क किया जा सकता है। दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।
- पेट्रोल पंपों पर हवा भरने की सुविधा बंद हो गई है।- उमेश चंद शुक्ल, हर्ष नगर
- पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाने वाली अनिवार्य सुविधाओं की जांच कराई जाएगी। जिला पूर्ति विभाग और संबंधित तेल कंपनियों के अधिकारियों को पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए जाएंगे। जहां हवा भरने की सुविधा बंद मिली, वहां नियमानुसार कार्रवाई कराकर सुविधा बहाल कराई जाएगी।
- स्वगणना के सवालों के जवाब कैसे भरे जाएं, इसकी विस्तृत जानकारी का प्रकाशन कराया जाए।- रामायण प्रसाद माझी, श्याम नगर
- जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में स्वगणना की सुविधा 30 नवंबर तक उपलब्ध है। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर मोबाइल नंबर से लागिन करना होगा। इसके बाद मानचित्र पर अपने मकान की लोकेशन चिह्नित कर परिवार और सदस्यों से संबंधित निर्धारित 40 सवालों के जवाब भरने होंगे। जानकारी जमा होने पर स्वगणना आइडी मिलेगी, जिसे गणनाकर्मी को दिखाना होगा। जिन लोगों को आनलाइन जानकारी भरने में परेशानी है, उन्हें गणनाकर्मियों के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
- पनकी-कल्याणपुर रोड पर अतिक्रमण बहुत अधिक है।- संजीव सिंह, पनकी
- प्रमुख सड़कों से अतिक्रमण हटाना प्रशासन की प्राथमिकता है। नगर निगम, यातायात पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम बनाकर सड़क का निरीक्षण कराया जाएगा। फुटपाथ और सड़क पर अवैध कब्जा करने वालों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए भी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।
- सरकारी नलकूप की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है।- रामकुमार, सूखापुर, घाटमपुर
- सरकारी और सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित तहसील के राजस्व अधिकारियों से जमीन के अभिलेखों की जांच कराई जाएगी। पैमाइश के बाद अवैध कब्जा मिलने पर नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई होगी। सरकारी नलकूप की जमीन को सुरक्षित रखने के लिए संबंधित विभाग को भी निर्देशित किया जाएगा।
- आवास विकास की सड़कें बहुत खराब हैं।- वेदप्रकाश गुप्ता, कैलाश विहार
- आवास विकास परिषद और संबंधित कार्यदायी संस्था से क्षेत्र की सड़कों की स्थिति की रिपोर्ट मांगी जाएगी। जिन सड़कों पर गड्ढे हैं या निर्माण कार्य अधूरा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए जाएंगे। सड़क निर्माण की गुणवत्ता की भी जांच कराई जाएगी, ताकि दोबारा लोगों को परेशानी न हो।
- नाम में संशोधन के लिए फार्म-8 डाउनलोड करने में परेशानी हो रही है।- विष्णु प्रकाश झा, नवाबगंज
- मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 की व्यवस्था है। इसे निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in से ऑनलाइन भरा जा सकता है। पोर्टल पर परेशानी होने पर संबंधित बीएलओ या निर्वाचन कार्यालय में संपर्क कर आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज लगाने होंगे।
- दिव्यांग मतदाताओं को मतदान की सुविधा कैसे मिलेगी? नाम भी दर्ज नहीं हो पा रहा है।- अशोक कुमार गुप्ता, किदवई नगर
- दिव्यांग मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ मतदान के दिन भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 और पहले से दर्ज नाम में दिव्यांगता संबंधी चिह्नांकन कराने के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही मतदाताओं को घर से मतदान की सुविधा मिलेंगी।
- इंदिरा नगर में स्ट्रीट लाइटें ठीक नहीं हो रही हैं।- राजेंद्र सिंह, इंदिरा नगर
- नगर निगम के प्रकाश विभाग को क्षेत्र का निरीक्षण कराकर खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने के निर्देश दिए जाएंगे। जहां लाइटें खराब हैं या बिजली कनेक्शन में समस्या है, वहां तकनीकी जांच कराई जाएगी। सार्वजनिक मार्गों पर अंधेरा रहने से सुरक्षा संबंधी परेशानी होती है, इसलिए प्राथमिकता से इन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।
- रजिस्ट्री होने के बाद भी कुछ दबंग जमीन पर कब्जा नहीं दे रहे हैं।- दिलीप सिंह, चतुरीपुरवा, घाटमपुर
- जमीन की रजिस्ट्री होने के बाद कब्जा नहीं मिलने के मामले में संबंधित दस्तावेजों की जांच जरूरी है। पीड़ित व्यक्ति रजिस्ट्री, खतौनी और अन्य अभिलेखों के साथ तहसील में शिकायत दर्ज कराएं। राजस्व और पुलिस अधिकारियों से संयुक्त जांच कराई जाएगी। जमीन पर अवैध कब्जा या धमकी देने का मामला सामने आने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
- पार्क की पानी की टंकी में लीकेज है। विभाग उसे ठीक कराने में लापरवाही कर रहा है।- विश्वनाथ दीक्षित, विनायकपुर
- संबंधित विभाग को पार्क की पानी की टंकी का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए जाएंगे। तकनीकी टीम से जांच कराकर मरम्मत कराई जाएगी। जिम्मेदार अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी भी ली जाएगी।
- गोमानी तालाब पर दोबारा अवैध कब्जा न हो, इसके लिए कदम उठाए जाएं।- योगेंद्र सिंह, पतारा
- तालाब और अन्य जलस्रोतों की जमीन सार्वजनिक संपत्ति है। राजस्व अभिलेखों के आधार पर तालाब की जमीन की पैमाइश कब्जा हटाया गया है। अगर दोबारा कब्जा हो रहा है, जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
- विकास नगर में सीएम ग्रिड की सड़क बन रही है, लेकिन अप्रोच रोड ठीक नहीं होने से परेशानी होती है।- पीके मिश्र, कल्याणपुर
- सीएम ग्रिड परियोजना के तहत सड़क निर्माण के साथ उससे जुड़ने वाले मार्गों की स्थिति भी देखी जाएगी। संबंधित कार्यदायी संस्था को अप्रोच रोड, नाली और सड़क के किनारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए जाएंगे। निर्माण कार्य के दौरान लोगों की आवाजाही बाधित न हो, इसके लिए भी व्यवस्था कराई जाएगी।
- हाउस टैक्स बहुत ज्यादा आ गया है। इसे ठीक कैसे कराया जा सकता है?- शिल्पी, बर्रा
- यदि भवन स्वामी को लगता है कि गृहकर का निर्धारण गलत हुआ है तो वह नगर निगम के जोनल कार्यालय में आपत्ति दर्ज करा सकता है। भवन का क्षेत्रफल, उपयोग, निर्माण की स्थिति और निर्धारित कर की गणना की जांच कराई जाएगी। अभिलेखों में त्रुटि मिलने पर नियमानुसार संशोधन किया जाएगा। गृहकर की गणना और आपत्ति निस्तारण की प्रक्रिया नगर निगम के माध्यम से होती है। इस संबंध में नगर आयुक्त को निर्देश दिए जाएंगे।
- चारागाह की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है।- विनय सिंह, कठारा
- चारागाह की जमीन पशुओं के लिए सुरक्षित सार्वजनिक भूमि है। इस पर निजी कब्जा या अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। संबंधित लेखपाल और राजस्व निरीक्षक से जमीन की पैमाइश कराकर रिपोर्ट मांगी जाएगी। कब्जा मिलने पर राजस्व कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी और जमीन को कब्जामुक्त कराया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।