Kanpur Leopard Terror: पहले 9 ग्रामीणों पर हमला, अब मवेशी का शिकार; करनखेड़ा में तेंदुए की दहशत से सूने पड़े खेत
कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र में तेंदुए का आतंक बढ़ गया है, जिसने नौ ग्रामीणों को घायल करने के बाद एक मवेशी का भी शिकार किया है। वन विभाग की टीम लगातार तेंदुए की तलाश कर रही है, लेकिन उसका सुराग नहीं मिल रहा, जिससे ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश है।

HighLights
तेंदुए ने नौ ग्रामीणों को घायल किया, एक मवेशी को भी मारा।
वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी, पदचिह्न मिले।
ग्रामीणों में दहशत, बच्चे स्कूल नहीं जा रहे, लोग घरों में।
संवाद सहयोगी, महाराजपुर(कानपुर)। कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र के करनखेड़ा गांव में नौ ग्रामीणों को घायल करने वाले तेंदुए की दहशत अब और बढ़ गई है। ग्रामीणों पर हमले के बाद तेंदुए ने मंगलवार रात जंगल में एक मवेशी को भी शिकार बना लिया। बुधवार को ग्रामीणों ने मवेशी के शव के अवशेष देखे तो वन विभाग को सूचना दी।
इसके बाद डीएफओ आकांक्षा जैन की मौजूदगी में वन विभाग की टीम ने सुबह से देर शाम तक सर्च अभियान चलाया। घटनास्थल से करीब 200 मीटर आगे जंगली जानवर के पैरों के निशान मिले। करीब 500 मीटर के दायरे में तलाश के बावजूद तेंदुए का पता नहीं चल सका।
ग्रामीणों में दहशत
महाराजपुर के करनखेड़ा गांव में तेंदुए के हमले के बाद से लोग सहमे हुए हैं। तेंदुए की तलाश में बुधवार सुबह से देर शाम तक वन विभाग की टीम घटनास्थल से पांच सौ मीटर के दायरे में सर्च अभियान चलाती रही। प्रभागीय वन अधिकारी आकांक्षा जैन भी टीम के साथ सर्च अभियान में शामिल रहीं।

केवल पद चिह्न ही मिले
तेंदुए को पकड़ने के लिए वन कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश देती रहीं। बुधवार को घटनास्थल से दो सौ मीटर आगे जंगली जानवर के पैरों के निशान टीम को मिले। तेंदुए के छिपे होने की आशंका वाले लगभग पांच सौ मीटर के दायरे में वन विभाग ने तलाश की। पदचिन्हों के अलावा तेंदुए का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।तेंदुए की दहशत की वजह से किसान खेतों में नहीं जा रहे हैं।
जिम्मेदारों की हीलाहवाली पर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
ग्रामीणों में तेंदुए के हमले के बाद जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। गांव पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के सामने भी ग्रामीणों ने कहा तेंदुआ लगभग दो घंटे तक खेत में छिपा रहा। घेराबंदी कर ग्रामीण उसको पकड़ने के लिए वन विभाग व अन्य अधिकारियों को फोन कर सूचना देते रहे। लेकिन समय रहते मौके पर कोई नहीं पहुंचा।
घेराबंदी की तैयारी
नतीजा ये हुआ कि ग्रामीणों ने जान जोखिम में डाल घेराबंदी कर तेंदुए को पकड़ने के लिए अपने स्तर से प्रयास शुरू किए। अचानक तेंदुआ हमलावर हो गया। तेंदुए ने हमला कर नौ लोगों घायल कर दिया।ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते वन विभाग की टीम और अन्य सभी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आ जाते तो तेंदुआ पकड़ा जाता, लोग भी घायल न होते।
स्कूल नहीं गए बच्चे, शाम होते ही घरों में दुबके लोग
महाराजपुर के ड्योढ़ीघाट के आसपास तेंदुए की दहशत की वजह से बुधवार को पैदल या साइकिल से अकेले जाने वाले बच्चे स्कूल नहीं गए। महिलाएं भी खेतों में काम करने नहीं गईं। खेतों से लोग गायब थे। हर तरफ यही चर्चा रही कि पता नहीं तेंदुआ कहां छिपा हो और कब किस पर हमलावर हो जाए। आसपास के गांवों में बुधवार शाम ढलते ही लोग घरों के अंदर दुबक गए। लोगों को आशंका है कि कहीं तेंदुआ जंगल से आबादी में न आ जाए जो लोगों के लिए बड़ा खतरा बन जाए।
गांव में पुलिस तैनात
एसडीएम नर्वल सत्यपाल प्रजापति ने बताया वन विभाग की टीम कांबिंग कर रही है। पिंजड़ लगाया गया है और उसमें बकरी रखी गई है। ताकि तेंदुआ शिकार करने आए और पकड़ा जाए। तहसील से राजस्व टीम घायलों की जानकारी जुटाकर रिपोर्ट बना रही है। शासन से मिलने वाली आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। पुलिस भी गांव में तैनात है और लोगों को सुरक्षित रहने के लिए भी सूचित किया जा रहा है। लोगों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।