कानपुर में गेंदे के खेत में छिपा था तेंदुआ, लाठी लेकर घेरने पहुंचे ग्रामीणों पर किया हमला; कंधे तो किसी के गले पर आए घाव
कानपुर के महाराजपुर स्थित करनखेड़ा गांव में गेंदे के खेत में छिपे तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिसमें नौ लोग घायल हो गए। वन विभाग और पुलिस टीम तेंदुए की तलाश में जुटी है और उसे पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाया गया है।

ग्रामीण पर हमला करता तेंदुआ। वीडियो ग्रैब
HighLights
महाराजपुर के करनखेड़ा गांव में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे गेंदे के खेत में छिपा मिला तेंदुआ
तेंदुए को घेरने पहुंचे 10-12 ग्रामीणों पर उसने हमला किया, नौ लोग घायल हुए
वन विभाग ने तेंदुए की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया और पकड़ने को पिंजरा लगवाया
संवाद सहयोगी, महाराजपुर (कानुपर)। कानपुर के महाराजपुर स्थित करनखेड़ा गांव में मंगलवार दोपहर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब गेंदे के खेत में छिपे तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला बोल दिया। गंगा कटरी क्षेत्र में सुबह करीब 11 बजे तेंदुआ आने की खबर ने गांव में दहशत फैला दी। खेत में तेंदुआ दिखने की खबर पर जब 10-12 ग्रामीण लाठी-डंडे और भाला लेकर उसे घेरने पहुंचे, तो तेंदुआ बेकाबू हो गया। उसने हमलाकर नौ ग्रामीण लहूलुहान कर दिया।
महाराजपुर में ड्योढ़ीघाट के नजदीक गंगा कटरी से जुड़े गांव करनखेड़ा में मंगलवार दोपहर लोग खेतों में काम कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ लोगों ने गेंदे के खेत में तेंदुए को छिपे देखा और शोर मचाया। इस पर करीब 10-12 लोग लाठी-डंडा व भाला लेकर खेत की ओर दौड़े और उसे चारों तरफ से घेर लिया।
सर्च अभियान शुरू
लोगों को देख तेंदुआ बाहर की ओर भागा और जो भी सामने आया, उस पर झपट्टा मारता निकल भागा। इससे 10 लोग घायल हो गए। किसी के कंधे तो किसी के गले पर घाव हो गए हैं। इस पर महाराजपुर थाना पुलिस व वन विभाग को सूचना दी गई। खेतों में जानवर की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया गया लेकिन तेंदुए का कहीं पता नहीं चला।
जंगल से निकलकर गांव में आने की आशंका
क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रभु दयाल यादव ने बताया कि पुलिस के साथ वन विभाग के 10 कर्मियों की टीम पूरे क्षेत्र में जानवर की तलाश कर रही है। पिंजड़ा लगाकर उसे पकड़ने की कोशिश है। उन्होंने बताया कि करनखेड़ा गांव नदी किनारे बसा है और आसपास जंगल भी है। ऐसे में तेंदुए के जंगल से निकलकर गांव में आने की आशंका है।
लोगों से समूह में बाहर निकलने या घरों में रहने की अपील
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि पुलिस व वन विभाग की टीम खेतों में मौजूद है। ग्रामीणों को सावधानी बरतने के लिए सचेत किया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि परिवार और बच्चों के साथ घरों में रहें। अकेले खेतों की ओर न जाएं और समूह बनाकर ही खेतों में काम करें।
तेंदुआ पकड़ने को लगाया पिंजड़ा
महाराजपुर क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजड़ा लगाया है और जाल भी मंगवाया है। चिड़ियाघर के वन्यजीव चिकित्सकों की मदद से उसे बेहोश कर पकड़ने की योजना है। मंगलवार देर शाम तक तलाश और कांबिंग की गई, लेकिन अंधेरा होने पर अभियान रोक दिया गया। बुधवार सुबह फिर तलाश शुरू की जाएगी। वन विभाग की टीम रात में भी मौके पर मौजूद रही।
ये लोग हुए घायल
ड्योढ़ीघाट के पास गंगा कटरी से जुड़े गांव करनखेड़ा में दोपहर को ग्रामीणों ने तेंदुए को देखा था। खेतों में काम कर रहे लोगों पर उसने हमला किया और उन्हें घायल कर दिया। घायलों में करनखेड़ा निवासी अरविंद, रविन्द्र, हरीराम, रामकेश, गूंगा, बुद्धि, हरीराम की 10 वर्षीय बेटी और सिकटीहा निवासी मोहित विश्वकर्मा और साहिल शामिल हैं।
खेत से आबादी का क्षेत्र आधा किमी दूर
खेत आबादी से आधा किलोमीटर दूर है। तेंदुए ने पहले साहिल पर हमला किया था, जो अपने मौसा के घर आया था और स्वजन के साथ खेत गया था। तेंदुए को भाला मारने वाले रामकेश भी घायल हुए। प्रभागीय वन अधिकारी आकांक्षा जैन ने बताया कि तेंदुए को घेरकर ट्रैंक्यूलाइज गन से बेहोश करने की रणनीति है।
फर्रुखाबाद या शाहजहांपुर से आने की आशंका
चिड़ियाघर के वन्यजीव चिकित्सक और तेंदुआ पकड़ने के विशेषज्ञ डा. नासिर ने बताया कि तेंदुआ फर्रुखाबाद या शाहजहांपुर से गंगा कटरी पहुंचा हो सकता है। फर्रुखाबाद में गन्ने के खेतों में अक्सर तेंदुए दिखते हैं और पकड़े भी गए हैं। गन्ने की फसल कटने के बाद तेंदुआ गंगा कटरी की ओर आया हो सकता है। जरूरत पड़ने पर उसकी स्थिति जानने के लिए थर्मल इमेजिंग ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह शरीर के तापमान के आधार पर व्यक्ति, पशु या पक्षी की छवि दिखाता है।
दो साल पहले IIT और NSI में भी दिखा था तेंदुआ
दो वर्ष पहले जुलाई में आइआइटी परिसर के जंगल और राष्ट्रीय शर्करा संस्थान के बीच भी तेंदुआ देखा गया था। उसे पकड़ने के लिए पिंजड़े और थर्मल इमेजिंग ड्रोन का इस्तेमाल हुआ तथा डार्ट गन से बेहोश करने की योजना बनाई गई थी। लखनऊ से आए प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने जंगल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए थे। बाद में तेंदुआ कहां गया, इसका पता नहीं चला।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।