कानपुर में गोदाम खाली, दुकानों में भी स्टाक खत्म, सहालग में Amul Butter के लिए भटक रहे ग्राहक
सहालग के सीजन में कानपुर में अमूल मक्खन की भारी किल्लत हो गई है, जिससे आम उपभोक्ता और कारोबारी परेशान हैं। गोदामों में बफर स्टॉक खत्म है और मांग के मुकाबले केवल 25-50% आपूर्ति हो पा रही है, खासकर 100 ग्राम के पैक की कमी है।

HighLights
सहालग में कानपुर में अमूल मक्खन की भारी किल्लत
गोदामों में बफर स्टॉक खत्म, आपूर्ति 25-50% ही
100 ग्राम पैक की कमी, बल्क पैक को प्राथमिकता
जागरण संवाददाता, कानपुर। सहालग के सीजन में अमूल मक्खन की किल्लत ने आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। शहर की किराना दुकानों पर 100 ग्राम का पैक आसानी से नहीं मिल रहा है। एक दुकान से दूसरी दुकान तक चक्कर लगाने के बाद भी लोगों को मक्खन नहीं मिल पा रहा। हालात यह हैं कि कानपुर समेत आसपास के 14 जिलों में आपूर्ति के लिए रखे जाने वाले गोदामों का बफर स्टाक खत्म है। अब प्लांट से माल पहुंचते ही उसे सीधे बाजार में भेजा जा रहा है।
स्थानीय किराना दुकानदारों का दावा है कि मांग के मुकाबले महज 25 प्रतिशत आपूर्ति हो रही है। वहीं, वितरण से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कंपनी कुल मांग का 50 से 60 प्रतिशत ही पूरा कर पा रही है। सबसे अधिक संकट 100 ग्राम के कंज्यूमर पैक पर है। शादियों के सीजन में होटल, रेस्टोरेंट और कैटरर्स की मांग को देखते हुए 500 ग्राम और बल्क पैक की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। आमतौर पर घरों में प्रयोग होने वाला छोटू पैक भी दुकानों से लगभग गायब है।
शहर में अमूल बटर बेचने वाली एक दर्जन से अधिक एजेंसी हैं। जहां से फुटकर बाजार में माल भेजा जाता है। वितरण नेटवर्क से जुड़े लोगों के अनुसार, कानपुर से फतेहपुर, बांदा और रायबरेली समेत आसपास के 14 जिलों में अमूल मक्खन की आपूर्ति होती है। इन जिलों में हर महीने औसतन 90 से 95 टन मक्खन की मांग रहती है। इसमें अकेले कानपुर की हिस्सेदारी 60 से 70 टन के आसपास है।
मांग के मुकाबले उत्पादन और आपूर्ति कम होने से स्थानीय गोदामों में अतिरिक्त स्टाक रखने की स्थिति भी नहीं बन पा रही है। माल कम पहुंचने से अब उन कंपनियों ने बाजार में सक्रियता बढ़ा दी है जो अमूल ब्रांड की मजबूत स्थिति के कारण अपना माल मुश्किल से बेच रही थीं। जानकारों के मुताबिक यह स्थिति अकेले कानपुर की नहीं है, बल्कि प्रदेश और देश के कुछ हिस्सों में यही हाल है।
मक्खन की किल्लत के पीछे मौसमी बदलाव को भी प्रमुख वजह बताया जा रहा है। दुधारू पशुओं के दूध में फैट (वसा) की मात्रा प्रभावित होने से मक्खन का उत्पादन घटा है। वहीं, रोजाना इस्तेमाल होने वाले पैकेट दूध की आपूर्ति बनाए रखना भी कंपनी की प्राथमिकता है।
मक्खन के अलावा अमूल क्रीम और घी की भी जबरदस्त किल्लत है। घी तो बाजार से पूरी तरह गायब है। दो महीने से हाल यही है। जाड़ा शुरू होने के बाद अब उम्मीद है कि माल मिलने लगेगा।
- विवेक अग्रवाल , फुटकर विक्रेता कल्याणपुर
रेस्टोरेंट और होटल में भी अमूल मक्खन की किल्लत बनी हुई है। जो भी माल आता है वह तत्काल निकल जा रहा है। ऐसे में दूसरी कंपनियों के मक्खन और क्रीम से काम चलाना पड़ रहा है।
- श्यामलाल मूलचंदानी , अध्यक्ष कानपुर होटल रेस्टारेंट एंड बैंक्वेट एसोसिएशन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।