Kanpur में खाकी का गजब का रौब! पहले मुझे समझो फिर लगेगी सैंडविच की दुकान...दुकानदार ने चौकी प्रभारी पर लगाए दबंगई का आरोप
कानपुर में एक सैंडविच दुकानदार ने चौकी प्रभारी पर वसूली और दुकान हटाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसके बाद एसीपी कोतवाली ने जांच के आदेश दिए हैं।

पुलिसकर्मी के हाथ जोड़ता सैंडविच दुकानदार। वीडियो ग्रैब
HighLights
कानपुर में सैंडविच दुकानदार ने पुलिस पर वसूली का आरोप लगाया।
चौकी प्रभारी ने दुकान हटाने और मुकदमा करने की धमकी दी।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जांच के आदेश दिए गए।
जागरण संवाददाता, कनपुर। कानपुर में खाकी के रौब का वीडियो वायरल हुआ है। फूलबाग में सैंडविच के दुकानदार ने चौकी प्रभारी पर वसूली करने का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि चौकी प्रभारी ने कहा पहले मुझे समझो फिर दुकान लगेगी। वरना मुकदमा लिखवाऊंगा। मामला सोमवार रात का है।
दोनों के बीच बहस करने का वीडियो प्रचलित हुआ है। पीड़ित मंगलवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे पर अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। उसने कहा कि उसके पास रिकार्डिंग है। एसीपी कोतवाली ने मामले को तोड़मोड़ कर पेश करने की बात कहते हुए जांच कराने की बात कही है।
पीड़ित कार्तिक त्रिपाठी की फूलबाग में बमबम सैंडविच की दुकान है। सोमवार रात दुकान के पास लोगों की काफी भीड़ लगी थी। इसको लेकर चौकी प्रभारी पहुंचे और दुकानदार पर भड़क गए। आरोप है कि चौकी प्रभारी काफी समय से रुपये वसूलने के लिए दबाव बना रहे हैं। रुपये न देने पर दुकान हटवाने के लिए धमका रहे हैं।
दोनों के बीच बहस होने का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिसकर्मी दुकान हटाने की बात कहते नजर आ रहे हैं, जबकि दुकानदार खुद को गरीब बताते हुए दुकान न हटाने की बात कह रहा है। दुकानदार पुलिसकर्मियों से कह रहा है कि भाई साहब, मेरी दुकान है। हम गरीब आदमी हैं। हमको छोड़ दीजिए। पुलिसकर्मी उसे दुकान हटाने की हिदायत दे रहे हैं।
दुकानदार ने बताया कि उनके पास उनके पास खाद्य विभाग का लाइसेंस और बिजली मीटर भी लगा है। नगर निगम से भी बातचीत हो चुकी है। दुकान लगाने की अनुमति भी है। वह पुलिसकर्मी से कह रहा है कि अगर दुकान हटानी है तो हटा दीजिए, लेकिन वह खुद दुकान नहीं हटाएगा। इस दौरान दुकानदार पुलिसकर्मी के हाथ जोड़ते और पैर छूते हुए भी दिखा।
एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि रात का मामला है। बमबम सैंडविच की दुकान के पास लोगों का जमावड़ा लगा था। पुलिस गश्त के दौरान चौकी प्रभारी वहां गए थे। देर रात तक दुकान खोलने को मना किया था। आरोपों की जांच कराई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।