विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में किसानों के भरोसे से खिलवाड़, नमक-मिट्टी से तैयार हो रही थी नकली पोटाश; ब्रांडेड बोरियों में पैक कर बेचने की तैयारी

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:02 AM (IST)

कानपुर में कृषि विभाग ने एक मकान पर छापा मारकर नमक, गेरू और सल्फर से बन रही नकली पोटाश फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यहां ब्रांडेड बोरियों में नकली खाद पैक कर किसानों को बेचा जा रहा था, मकान मालिक और किरायेदार पर एफआईआर दर्ज की गई है।

खाद की जांच करने पहुंचे कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप और विशेषज्ञ शिवम सोनकर। कृष विभाग

खाद की जांच करने पहुंचे कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप और विशेषज्ञ शिवम सोनकर। कृष विभाग 

HighLights

  1. कानपुर में नमक-गेरू से बन रही थी नकली पोटाश

  2. ब्रांडेड बोरियों में पैक कर किसानों को बेचते थे

  3. मकान मालिक, किरायेदार पर एफआईआर दर्ज हुई

जागरण संवाददाता, कानपुर। खेतों की पैदावार बढ़ाने वाली खाद को ही मिलावट का जरिया बना दिया गया। कृषि विभाग की टीम ने मोबाइल से मिली सूचना पर मकसूदाबाद में रोहित कुमार के मकान पर छापा मारा तो वहां कथित तौर पर नमक, गेरू, मिट्टी और सल्फर पाउडर से नकली पोटाश तैयार कर उसे नामी कंपनियों की बोरियों में पैक करने का पूरा इंतजाम मिला। जिस ब्रांड पर किसान आंख मूंदकर भरोसा करते हैं, उसी भरोसे को बाजार में भुनाने की तैयारी चल रही थी।

अपर जिला कृषि अधिकारी शिवम सोनकर ने बताया कि मौके से 48 बैग संदिग्ध आईपीएल पोटाश, सात बैग संदिग्ध डीएपी, 33 बैग इंडस्ट्रियल साल्ट, 14 बैग सल्फर, पैकिंग व सिलाई मशीनें तथा इंडियन पोटाश कंपनी सहित विभिन्न कंपनियों की दो हजार से अधिक खाली बोरियां बरामद हुई हैं। शिवम सोनकर के अनुसार नकली खाद को असली दिखाने के लिए इन्हीं ब्रांडेड बोरियों में पैक किया जाता था।

उन्होंने बताया कि नकली पोटाश या डीएपी को हाथ से रगड़ते ही उसका रंग छूटने लगता है, जिससे उसकी प्राथमिक पहचान की जा सकती है। मकान मालिक रोहित कुमार ने पूछताछ में बताया कि उसने मकान घनश्याम नामक व्यक्ति को किराये पर दिया था और वही यह काम करता था।

छापेमारी के समय घनश्याम कथित तौर पर तैयार माल की सप्लाई करने कानपुर देहात गया हुआ था, जहां से उसे पकड़ लिया गया। हालांकि जिला कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह ने मकान मालिक की भूमिका को भी संदिग्ध मानते हुए रोहित कुमार और घनश्याम, दोनों के खिलाफ बिठूर थाने में उर्वरक नियंत्रण और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा के तहत एफआइआर दर्ज कराई है।


तीन नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अब रिपोर्ट तय करेगी कि बरामद उर्वरक पूरी तरह नकली हैं या नहीं, लेकिन कार्रवाई ने यह जरूर उजागर कर दिया कि किसानों की जेब और फसल दोनों पर चोट करने का कथित कारोबार कितनी व्यवस्थित ढंग से चल रहा था और इसकी भनक जिम्मेदार तंत्र को देर से लगी।

यह भी पढ़ें- कानपुर छावनी परिषद रिश्वत मामले में बड़ी कार्रवाई, कार्यालय अधीक्षक निलंबित, संविदा कर्मचारी की सेवा खत्म

यह भी पढ़ें- Gold: रेनियम पाउडर मिलावट ने बढ़ाई कानपुर के ज्वेलर्स और ग्राहकों की चिंता, चीन से आ रहा बेरोकटोक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।