Gold: रेनियम पाउडर मिलावट ने बढ़ाई कानपुर के ज्वेलर्स और ग्राहकों की चिंता, चीन से आ रहा बेरोकटोक
कानपुर के सराफा बाजार में चीन से आ रहे रेनियम पाउडर से सोने में मिलावट एक बड़ी चुनौती बन गई है, जिससे ज्वेलर्स और ग्राहक दोनों चिंतित हैं। यह मिलावट सामान्य मशीनों से पकड़ में नहीं आ रही, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान और बाजार की साख पर खतरा मंडरा रहा है।

HighLights
चीन से आ रहा रेनियम पाउडर सोने में नई मिलावट का कारण।
वर्तमान जांच मशीनें इस अदृश्य रेनियम मिलावट को पकड़ने में असमर्थ।
कानपुर के ज्वेलर्स को एक्सचेंज में आर्थिक नुकसान और साख का खतरा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। देशभर के सराफा बाजारों में इन दिनों सोने में हो रही एक नई और अदृश्य मिलावट ने कानपुर के ज्वेलर्स और ग्राहकों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में सामने आई एक जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चीन से मंगाए जा रहे ''''रेनियम'''' नामक एक विशेष पाउडर को सोने में मिलाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस मिलावट को न तो सामान्य सुनार पकड़ पा रहे हैं और न ही आधुनिक हालमार्किंग और कैरेट जांचने वाली मशीनें इसका पता लगा पा रही हैं।
आल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा के अनुसार, चीन के शेन्जेन शहर से यह रेनियम पाउडर भारत के कई शहरों में एजेंटों के माध्यम से बेरोकटोक बेचा जा रहा है। जांच के दौरान देखा गया कि 7.830 ग्राम शुद्ध 24 कैरेट सोने में 1 ग्राम रेनियम पाउडर मिलाया गया, जिससे उसका कुल वजन बढ़कर 8.830 ग्राम हो गया। जब इस मिलावटी सोने से बने गहने की जांच हालमार्क सेंटर और ब्रांडेड शोरूम की कैरेट मशीनों से कराई गई, तो मशीनों ने इसे 22 कैरेट का शुद्ध सोना (91.6 प्रतिशत) बता दिया और किसी भी रिपोर्ट में रेनियम की मौजूदगी दर्ज नहीं हुई।
इस वजह से शहर के प्रमुख सराफा बाजारों बिरहाना रोड, नयागंज और चौक सराफा बाजार में भी व्यापारी सतर्क हैं और हालमार्क के जेवर भी सोच - समझकर वापस ले रहे हैं। स्थानीय ज्वेलर्स के सामने सबसे बड़ा संकट 'एक्सचेंज' (पुराने सोने के बदले नया सोना ) से आर्थिक नुकसान का डर है। यदि कोई व्यक्ति रेनियम मिला हुआ सोना लेकर कानपुर के किसी ज्वेलर के पास बेचने या एक्सचेंज करने आता है, तो दुकान की कैरेट मशीन उसे शुद्ध सोना ही बताएगी। ऐसे में ज्वेलर को असली सोने के दाम चुकाने पड़ेंगे, जिससे उसे सीधा आर्थिक नुकसान होगा।
कारोबारी पदम अग्रवाल के अनुसार सराफा बाजार अपनी शुद्धता और ग्राहकों के भरोसे के लिए जाना जाता है। बाजार में इस तरह के मिलावटी सोने के आने से ईमानदार व्यापारियों की साख पर भी खतरा मंडरा रहा है। वर्तमान में अधिकांश ज्वेलर्स शुद्धता जांचने के लिए एक्सआरएफ या कैरेट मीटर मशीनों पर निर्भर हैं, जो इस चीनी पाउडर के आगे फेल साबित हो रही हैं। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई और जांच की तकनीक को अपग्रेड नहीं किया गया, तो स्थानीय बाजार को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।