विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो दिसंबर को बालामऊ-कानपुर ट्रैक से रहें दूर, ट्रेन की रफ्तार का होगा ट्रायल

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:11 PM (IST)

बालामऊ-कानपुर ट्रैक पर 2 दिसंबर को 121 किमी/घंटा की रफ्तार से ट्रेन का ट्रायल होगा, जिससे लोगों को ट्रैक से दूर रहने की अपील की गई है। कोहरे के कारण कानपुर-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2027 तक रद्द कर दी गई है, जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए दो स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. बालामऊ-कानपुर ट्रैक पर 2 दिसंबर को होगा गति ट्रायल।

  2. कोहरे के कारण कानपुर-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन हुई रद्द।

  3. यात्रियों की सुविधा के लिए दो स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े।

जागरण टीम, कानपुर। दो दिसंबर को बालामऊ-कानपुर रेलवे ट्रैक पर 121 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से ट्रेन चलाकर ट्रायल होगा। इस दिन लोगों से रेलवे ट्रैक से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

मुरादाबाद मंडल के सीनियर सेक्शन इंजीनियर जितेंद्र पटेल ने बताया कि में ट्रायल के दौरान पटरी से दूर रहने और आसपास के गांवों में जागरूकता के लिए सूचना का प्रचार-प्रसार करने की बात कही गई है। बताया कि अभी इस ट्रैक पर 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनों का संचालन होता है। लेकिन ट्रायल के बाद स्पीड बढ़ जाएगी। क्षेत्र के लोगों ने आशंका जताई है कि बांगरमऊ इलाके के कई गांव रेलवे पटरी के बेहद नजदीक बसे हैं। आसपास के ग्रामीण, बच्चे और पशु अक्सर पटरी पर घूमते रहते हैं।


एक दिसंबर से तीन माह बंद रहेगी कानपुर-बालामऊ पैसेंजर

कानपुर से हरदोई के बालामऊ रेलवे स्टेशन तक चलने वाली कानपुर-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन को कोहरे के चलते एक दिसंबर से 28 फरवरी 2027 तक निरस्त कर दिया गया है। रेलवे के इस फैसले से रोजाना सफर करने वाले औसतन दो हजार यात्रियों की मुश्किलें बढ़ेंगी। यह ट्रेन बांगरमऊ, सफीपुर समेत जिले की दो तहसीलों और जिला मुख्यालय को कानपुर व हरदोई से जोड़ने का प्रमुख साधन है।


कोहरे के चलते एक दिसंबर से 28 फरवरी 2027 तक निरस्त रहेगी ट्रेन

इसके बंद होने से नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी। कोहरे में ट्रेनों की रफ्तार धीमी होने से संचालन प्रभावित होता है। इसी वजह से रेलवे ने ट्रेन को तीन महीने के लिए निरस्त किया है। ब्रिटिश काल से चल रही इस ट्रेन का कोरोना के बाद यह तीसरी बार संचालन बंद हुआ है। इससे पहले पिछले साल निर्माण कार्य के चलते इसे निरस्त किया गया था।


20 रुपये में उन्नाव और कानपुर पहुंचने का सस्ता विकल्प भी छिना

इस ट्रेन से बांगरमऊ, सफीपुर, चकलवंशी, सुलतानपुर, बरौंकी, ताजपुर, हसनापुर, लहरापुर, देवरिया, बल्लापुर और हरईपुर समेत आसपास के क्षेत्रों के लोग उन्नाव और कानपुर आते-जाते हैं। गंजमुरादाबाद से उन्नाव और कानपुर तक का किराया मात्र 20 रुपये है। करीब 80 किलोमीटर की दूरी के लिए यह किराया निजी और रोडवेज बसों की तुलना में काफी कम है। बस से उन्नाव जाने का किराया 80 रुपये और कानपुर का 120 रुपये है। ऐसे में ट्रेन बंद होने से यात्रियों की जेब पर भी असर पड़ेगा।

यह है ट्रेन का समय

बालामऊ से ट्रेन सुबह सात बजे चलकर 10:17 बजे उन्नाव जंक्शन पहुंचती थी। इसके बाद 10:50 बजे कानपुर पहुंच जाती थी। वहीं, कानपुर से दोपहर 2:40 बजे रवाना होकर 3:25 बजे उन्नाव जंक्शन पहुंचती थी। इसके बाद पटियारा, माखी, मेथीटीकुर, बड़ादेव, सफीपुर, ऊगू, फतेहपुर चौरासी, बांगरमऊ, गंजमुरादाबाद, मल्लावां और फतेहनगर होते हुए रात 9:15 बजे बालामऊ जंक्शन पहुंचती थी।


यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बढ़ाए दो स्पेशल ट्रेनों के फेरे

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने दो ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 09465/09466 अहमदाबाद-दरभंगा अहमदाबाद से चार व 11 दिसंबर तथा दरभंगा से सात व 14 दिसंबर को चलेगी। वहीं 09151 उधना-मधुबनी स्पेशल ट्रेन दो, चार, नौ व 11 दिसंबर तथा 09152 मधुबनी-उधना चार, छह, 11 व 13 दिसंबर को संचालित होगी।

यह भी पढ़ें- कानपुर में पहली रैली में ही आकाश ने खोले सियासी मोर्चे, बसपा सुप्रीमो का बार-बार नाम लेकर दिया चुनावी संदेश

यह भी पढ़ें- कानपुर के अन्ना चौराहे पर 3 युवकों की दबंगई, दो सिपाही को पीटा, बाइक हटाने को कहने पर लात-घूंसे व थप्पड़ जड़े

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।