विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में पहली रैली में ही आकाश ने खोले सियासी मोर्चे, बसपा सुप्रीमो का बार-बार नाम लेकर दिया चुनावी संदेश

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:54 PM (GMT+05:30)

बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने कानपुर में अपनी पहली चुनावी रैली में भाजपा, सपा और कांग्रेस को घेरा। उन्होंने मायावती के नेतृत्व पर जोर देते हुए बंद मिलों और दलित स्वाभिमान जैसे मुद्दों को उठाया।

बिल्हौर स्थित राम सहाय इंटर कालेज स्थित आयोजित जनसभा को संबोधि करते बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आंनद । जागरण

बिल्हौर स्थित राम सहाय इंटर कालेज स्थित आयोजित जनसभा को संबोधि करते बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आंनद । जागरण

HighLights

  1. आकाश आनंद ने कानपुर में पहली चुनावी रैली को संबोधित किया।

  2. मायावती के नेतृत्व और दलित स्वाभिमान को प्रमुखता से उठाया।

  3. बंद मिलों, बेरोजगारी पर भाजपा, सपा, कांग्रेस को घेरा।

जागरण संवाददाता, कानपुर। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच बिल्हौर के बैरी गांव स्थित राम सहाय इंटर कालेज का मैदान रविवार को बहुजन समाज पार्टी की पहली बड़ी चुनावी रैली का गवाह बना। बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने इस रैली के जरिये सिर्फ पार्टी का चुनावी संदेश नहीं दिया, बल्कि भाजपा, सपा और कांग्रेस को एक साथ निशाने पर लेकर राजनीतिक जमीन टटोलने की कोशिश भी की।

उनके पूरे भाषण में बसपा सुप्रीमो मायावती का नेतृत्व, बाबा साहब का संविधान, दलित स्वाभिमान और कानपुर का औद्योगिक अतीत प्रमुखता से छाया रहा। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने संबोधन में पांच बार मायावती का नाम लेकर पार्टी के नेतृत्व और चुनावी चेहरे को लेकर किसी तरह की अस्पष्टता नहीं रहने दी।

रैली के मंच की व्यवस्था भी चर्चा का विषय रही। मंच पर आगे आकाश आनंद के लिए सोफा लगाया गया था, जबकि पीछे पार्टी के पदाधिकारी बैठे थे। संबोधन के दौरान वह कई बार हिचकिचाए और शब्दों को सुधारते नजर आए। आकाश आनंद ने अपने भाषण में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के पुराने संघर्ष और बहुजन महापुरुषों की विरासत को याद किया। साथ ही कानपुर की बंद मिलों का कई बार उल्लेख किया।

कहा कि कानपुर को किसी राजा ने नहीं हमारे समाज के लोगों ने अपने खून-पसीने से खड़ा किया है। कभी मिलों का सायरन बजता था तो पूरे शहर को काम शुरू होने का पता चल जाता था, लेकिन आज मिलें बंद हैं और मजदूर परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। उन्होंने शहर की चमक और मजदूर बस्तियों की बदहाली के बीच अंतर बताने के साथ ही जाजमऊ की बंद टेनरियों के मुद्दे को अपने राजनीतिक भाषण का केंद्र बनाया।

बिल्हौर से भाजपा विधायक राहुल बच्चा का नाम लिए बिना आकाश आनंद ने उनकी सीट छोड़ने और सीसामऊ से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर भी तंज किया। कहा कि जो व्यक्ति अपनी सीट पर पांच साल काम नहीं कर पाया और समय से पहले ही खुद तय कर लिया कि वहां से नहीं लड़ पाएगा, वह जनता के साथ क्या खड़ा होगा? इस टिप्पणी के जरिये उन्होंने भाजपा के स्थानीय नेतृत्व और विधायक की राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाने की कोशिश की।

आकाश आनंद ने कांग्रेस पर बाबा साहब के साथ ऐतिहासिक अन्याय का आरोप लगाया तो सपा को पीडीए के नारे और दलितों की हिस्सेदारी के मुद्दे पर घेरा। भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। इस रैली का सबसे महत्वपूर्ण संदेश मायावती के नेतृत्व को केंद्र में रखना रहा। आकाश आनंद ने बसपा शासनकाल में भर्ती, आवास, शिक्षा और अंबेडकर गांवों के विकास का ब्योरा देकर पुराने कार्यकाल की याद दिलाई। वहीं एनसीआरबी की रिपोर्ट बताकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।

कुल मिलाकर, यह रैली बसपा की चुनावी सक्रियता का प्रदर्शन होने के साथ-साथ कानपुर के मजदूर वर्ग, दलित मतदाताओं और युवाओं को संबोधित करने की रणनीति भी दिखी। हालांकि इन मुद्दों का चुनावी असर कितना होगा, यह आने वाले समय में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और जमीनी सक्रियता से तय होगा।

यह भी पढ़ें- कानपुर में चाची से मोहब्बत...दोनों रंगे हाथ पकड़े गए तो चाकू मारकर भागा, फिर जंगल में जाकर कर ली आत्महत्या

यह भी पढ़ें- नौकरी और शिक्षा के मुद्दे पर भाजपा को घेरा, खाली पदों को लेकर आकाश आनंद ने भाजपा से पूछा हिसाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।