कानपुर में चाची से मोहब्बत...दोनों रंगे हाथ पकड़े गए तो चाकू मारकर भागा, फिर जंगल में जाकर कर ली आत्महत्या
कानपुर में एक युवक ने दूर की रिश्तेदार चाची से प्रेम संबंध उजागर होने पर उन्हें चाकू मार दिया। घटना के बाद पकड़े जाने के डर से युवक ने जंगल में जाकर आत्महत्या कर ली, उसका शव पेड़ से लटका मिला।

HighLights
प्रेम संबंध उजागर होने पर युवक ने चाची को चाकू मारा।
चाकू मारने के बाद युवक ने जंगल में जाकर आत्महत्या की।
कानपुर के सचेंडी क्षेत्र में हुई यह दर्दनाक घटना।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में चाची से मोहब्बत का खौफनाक अंत सामने आया है। रंगे हाथों पकड़े जाने पर पहले चाची को चाकू मारी फिर जंगल में जाकर आत्महत्या कर ली। मामला सचेंडी क्षेत्र का है।
दूर के रिश्ते की चाची से प्रेमसंबंध को लेकर पारिवारिक समारोह में विवाद के बाद एक युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। महिला की गर्दन पर वार कर उन्हें घायल करने के बाद युवक भाग निकला। स्वजन ने गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद पकड़े जाने और हत्या के डर से युवक ने जंगल में आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह पलरा गांव के जंगल में उसका शव पेड़ से लटका मिला।
साढ़ क्षेत्र के बेहटा बुजुर्ग गांव निवासी किसान फूलसिंह का 22 वर्षीय छोटा बेटा त्रेहन उर्फ शिवम खेती में हाथ बंटाता था। परिवार में मां शिवकांती और दो बड़े भाई अजीत व सुजीत हैं। साढ़ क्षेत्र में रहने वाली महिला उम्र में शिवम से करीब 10 साल बड़ी थी और दूर के रिश्ते में उसकी चाची लगती थी। दोनों के बीच प्रेमसंबंध थे।
स्वजन के अनुसार, 26 नवंबर को शिवम सचेंडी में अपने फूफा की बेटी की शादी में शामिल होने आया था। महिला भी समारोह में पहुंची थीं। गुरुवार देर रात करीब दो बजे जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान स्वजन ने दोनों को घर की छत पर साथ देख लिया।
कहासुनी बढ़ने पर शिवम ने चाकू निकालकर महिला की गर्दन पर वार कर दिया। उनकी चीख सुनकर स्वजन और समारोह में मौजूद लोग छत पर पहुंचे, लेकिन शिवम भाग निकला। महिला को अस्पताल पहुंचाने के बाद स्वजन ने शिवम की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। उसने सचेंडी के पलरा गांव स्थित जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्र ने बताया कि स्वजन के अनुसार घटना के बाद युवक आत्मग्लानि में था। इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली।
यह भी पढ़ें- Kanpur Mandi Bhav: गेहूं, दाल, चावल और सोना-चांदी के ताजा रेट देखें, 28 नवंबर के कानपुर मंडी के ताजा भाव
यह भी पढ़ें- ALIMCO में CBI Raid, 400 करोड़ के उपकरणों की खरीद की जांच,50 से अधिक फाइलें कब्जे में लीं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।