विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ALIMCO में CBI Raid, 400 करोड़ के उपकरणों की खरीद की जांच,50 से अधिक फाइलें कब्जे में लीं

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:17 PM (IST)

भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) में व्हीलचेयर और उपकरणों की खरीद में कथित कमीशनखोरी की सीबीआई जांच का दायरा बढ़ गया है। सीबीआई टीम ने कानपुर स्थित संस्थान में आठ घंटे छानबीन कर 400 करोड़ से अधिक की खरीद से संबंधित 50 से ज्यादा फाइलें जब्त कीं, जिसमें ओडिशा, गुजरात, बिहार और झारखंड में आपूर्ति भी शामिल है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. व्हीलचेयर व दूसरे उपकरण आपूर्ति में कमीशनखोरी और एक ही फर्म को ज्यादातर ठेके देने की शिकायत

  2. सीबीआइ की पांच सदस्यीय टीम ने करीब आठ घंटे तक की छानबीन

  3. ओडिशा, गुजरात के साथ बिहार और झारखंड में उपकरणों की खरीद भी जांच के दायरे में

  4. इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद तेज हुई कार्रवाई

जागरण संवाददाता, कानपुर। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) में उपकरणों की खरीद-फरोख्त और व्हीलचेयर आपूर्ति में कथित कमीशनखोरी की जांच का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। शुक्रवार को सीबीआइ की पांच सदस्यीय टीम ने संस्थान में करीब आठ घंटे तक छानबीन की।

टीम 50 से अधिक उपकरणों की खरीद से संबंधित दस्तावेज अपने साथ ले गई है। इन उपकरणों की कुल खरीद लागत 400 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। ओडिशा और गुजरात के साथ बिहार व झारखंड में सरकारी आपूर्ति से जुड़े मामलों की भी जांच होने की चर्चा है।


टीम शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे एलिम्को पहुंची और रात 8:30 बजे तक विभिन्न विभागों की फाइलें खंगालती रही। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की गई। व्हीलचेयर की आपूर्ति, उपकरणों की खरीद, ठेकों के आवंटन और डीलरों को दिए गए कमीशन से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की गई।

इस मामले में शिकायत करने वाले सुकांत कुमार ने बताया कि बीते 31 अगस्त को सीबीआइ को शिकायत देकर एलिम्को में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की थी। कार्रवाई आगे न बढ़ने पर उन्होंने 22 अक्टूबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की थी, इसका रिट नंबर 2430/2026 है।

याचिका में मामले की जांच सक्षम एजेंसी से कराने की मांग की गई थी। हाईकोर्ट ने सक्षम जांच एजेंसी के समक्ष अपनी बात रखने का आदेश दिया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद सीबीआइ को दोबारा प्रत्यावेदन दिया। धनतेरस से पहले सीबीआइ ने उन्हें कार्यालय बुलाकर मामले से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ भी की थी। इसके बाद टीम ने एलिम्को पहुंचकर जांच की।

ओडिशा और गुजरात की आपूर्ति में कमीशन का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एलिम्को ने 22 दिसंबर 2023 को ओडिशा चुनाव के लिए 34.53 करोड़ रुपये की व्हीलचेयर की आपूर्ति की थी। इसमें डीलर को 4.14 करोड़ रुपये कमीशन दिया गया। इसी तरह 11 फरवरी 2026 को गुजरात सरकार को 22.95 करोड़ रुपये की व्हीलचेयर की आपूर्ति पर 2.80 करोड़ और 23 मार्च 2026 को 13.12 करोड़ रुपये की आपूर्ति पर 1.58 करोड़ रुपये कमीशन दिए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक डीलर को करीब 12 प्रतिशत कमीशन दिया जाता है। एक ही फर्म को ज्यादातर ठेके देने पर भी सवाल उठाए गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक जांच में बिहार और झारखंड सरकारों को उपकरणों की आपूर्ति में भी करोड़ों रुपये के कथित कमीशन का मामला सामने आने की चर्चा है। सीबीआइ करीब 50 ऐसे मामलों की फाइल अपने साथ ले गई है।


एलिम्को के अध्यक्ष एवंम प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार ने बताया कि सीबीआइ की टीम ने जांच में जो भी सहयोग मांगा वह दिया गया है। एक दो चीजें है जो अगले दो से तीन दिनों में उन्हें दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्थान में प्रक्रिया पारदर्शी है। हमारे सभी डिलरों से नियमानुसार काम कराया जाता है।

यह भी पढ़ें- रात में तेंदुआ, दिन में लकड़बग्घा! कानपुर के 12 गांवों में कर्फ्यू जैसे हालात, खेतों में सड़ रही गेंदा-गोभी की फसल

यह भी पढ़ें- ड्रग्स तस्करी का बड़ा खेल! कानपुर में बुर्के की आड़ में पुलिस को चुनौती देती थी निक्की, मोबाइल रिकार्डिंग से खुला राज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।