ड्रग्स तस्करी का बड़ा खेल! कानपुर में बुर्के की आड़ में पुलिस को चुनौती देती थी निक्की, मोबाइल रिकार्डिंग से खुला राज
कानपुर में बुर्के की आड़ में ड्रग्स तस्करी करने वाली निक्की उर्फ साजिया को उसके प्रेमी फैसल के साथ 10.320 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को उसके मोबाइल से एक रिकॉर्डिंग मिली, जिसमें वह पुलिस चेकिंग से बचने के लिए बुर्के का इस्तेमाल करने की बात कह रही थी।

निक्की उर्फ साजिया।
HighLights
बुर्के की आड़ में करती थी ड्रग्स की तस्करी।
10.320 किलो चरस के साथ निक्की गिरफ्तार।
मोबाइल रिकॉर्डिंग से खुला पुलिस से बचने का राज।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कर्नलगंज में 14 साल पहले गैंगस्टर पति सईद नाटा की हत्या के बाद नशीले पदार्थों की तस्करी में उतरी निक्की उर्फ साजिया पुलिस को चुनौती दे रही थी। पुलिस और क्राइम ब्रांच वर्षों से उसे तलाश रही थीं, लेकिन उसके खिलाफ साक्ष्य नहीं मिल रहे थे।
10.320 किलो चरस के साथ निक्की और उसके प्रेमी फैसल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उसके मोबाइल में एक रिकार्डिंग मिली। उसमें एक व्यक्ति उसे कानपुर न आने की सलाह देता है। निक्की जवाब देती है कि बुर्का पहना है और पुलिस महिलाओं की चेकिंग नहीं करती।
नजीराबाद पुलिस ने गुरुवार सुबह गुमटी क्रासिंग के पास जीटी रोड पर कर्नलगंज के छोटे मियां हाता निवासी निक्की और फैसल को गिरफ्तार किया। उनके दो पिठ्ठू बैग से 10.320 किलो चरस बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 10 करोड़ रुपये बताई गई। पुलिस के अनुसार, सईद नाटा डी-2 गैंग का सक्रिय सदस्य था।
27 मार्च 2012 को उसके कार्यालय में घुसकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद निक्की ने उसका अपराध का काम संभाला। करीब चार साल पहले एक रिश्तेदार, जिसे “चाचा” कहा जाता है, के संरक्षण में उसने मादक पदार्थों की तस्करी शुरू की।
पुलिस का कहना है कि निक्की गिरोह के सदस्यों को धमकाती थी। वह बुर्का पहनकर प्रेमी के साथ नेपाल से चरस लाती और सिद्धार्थ नगर, बहराइच, नानपारा, कानपुर, अजमेर तथा मुंबई में आपूर्ति करती थी।
थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि निक्की को संरक्षण देने वाले चाचा की तलाश जारी है। टीम जल्द अजमेर जाएगी, जहां उसका दूसरा गिरोह है।
पुलिस के मुताबिक, अन्य तस्करों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। थानेदार के गैर जनपद तबादले की सूची जारी होने के बाद जांच ठंडी पड़ गई है।
यह भी पढ़ें- CSA Kanpur के हॉस्टल में छात्रों से अभद्रता का Video Viral, मुर्गा बनाकर थूका
यह भी पढ़ें- रात में तेंदुआ, दिन में लकड़बग्घा! कानपुर के 12 गांवों में कर्फ्यू जैसे हालात, खेतों में सड़ रही गेंदा-गोभी की फसल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।