विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रात में तेंदुआ, दिन में लकड़बग्घा! कानपुर के 12 गांवों में कर्फ्यू जैसे हालात, खेतों में सड़ रही गेंदा-गोभी की फसल

Published: Sat, 28 Nov 2026 05:42 PM (IST)

कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र के 12 गांवों में तेंदुए और लकड़बग्घे की दहशत से ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जंगली जानवरों के खौफ से खेतों में फसलें सड़ रही हैं और वन विभाग की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी है।

तेंदुआ के बाद अब महाराजपुर के फुफुवार सूई थोक में खेतों से भागता लकड़बग्घा। वीडियोग्रैब

तेंदुआ के बाद अब महाराजपुर के फुफुवार सूई थोक में खेतों से भागता लकड़बग्घा। वीडियोग्रैब

HighLights

  1. महाराजपुर के 12 गांवों में तेंदुए-लकड़बग्घे का आतंक।

  2. तेंदुए के हमले से नौ ग्रामीण घायल, दहशत बरकरार।

  3. खेतों में गेंदा-गोभी की फसलें सड़ने लगीं।

संवाद सहयोगी, महाराजपुर(कानपुर)। कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र के 12 गांवों में जंगली जानवरों की दहशत ने ग्रामीणों के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है। रात होते ही तेंदुए का खौफ सताने लगता है तो दिन में लकड़बग्घे से लोग खेत में नहीं जा पा रहे। खेतों में तैयार गेंदा और गोभी की फसल कटाई के इंतजार में सड़ रही है। गांवों में कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं।

ग्रामीणों ने खेत की घेराबंदी कर वन विभाग को बुलाया

क्षेत्र में जंगली जानवरों की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। करनखेड़ा में तेंदुए के हमले से लोग उबर भी नहीं पाए थे कि शुक्रवार को फुफुवार सुई थोक में लकड़बग्घा दिखा। ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाकर घेराबंदी की और वन विभाग की टीम को बुलाया। टीम उसे पकड़ने के लिए जाल लगाती, इससे पहले ही वह खेत से निकलकर जंगल के रास्ते नर्वल के बांबी गांव पहुंच गया। वहां लोगों के शोर मचाने पर वह पांडु नदी की तरफ निकल भागा। इससे पूरा इलाका सहमा हुआ है।

चार दिन से तलाश रही तेंदुआ

महाराजपुर के करनखेड़ा में बीते मंगलवार को तेंदुए ने हमला कर नौ लोगों को घायल कर दिया था। पिछले चार दिन से वन विभाग की टीम उसकी तलाश कर रही है, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया है। इसी बीच शुक्रवार को फुफुवार सुईथोक गांव में खेतों में काम करने के दौरान लोगों को खतरनाक जंगली जानवर दिखा। कोई शेर, चीता तो कोई लकड़बग्घा बताकर शोर मचाने लगा। लकड़बग्घा एक सरसों के खेत में घुस गया, जिसे भीड़ ने घेर लिया।

साढ़ की तरफ भागा

सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंचकर जाल बिछाने लगी, तभी वह निकलकर भाग निकला। बारादरी व बांबी गांव में लोगों ने उसे देखकर शोर मचाया और वन विभाग को सूचना दी। टीम के पहुंचने से पहले वह पांडु नदी के किनारे जंगल में घुस गया। डिप्टी रेंजर अनिल तोमर ने बताया कि लकड़बग्घे को पकड़ने की कोशिश की गई, जाल लगाया गया लेकिन वह फुफुवार से बांबी होते हुए पांडु नदी पार कर साढ़ की तरफ निकल भागा।

गांवों में चलाया जागरूकता अभियान

मंगलवार से शुक्रवार तक वन टीम ने करनखेड़ा में तेंदुए की तलाश को सर्च अभियान चलाया, पर सुराग नहीं मिला। तीन पिंजड़ों व नाइट विजन कैमरों में कुछ नहीं दिखा। शुक्रवार को टीम ने करनखेड़ा, ड्योढ़ीघाट, सुबंशीखेड़ा व मदारपुर गांवों में पोस्टर व पंपलेट चिपकाकर जागरूकता अभियान चलाया। जंगल की तरफ न जाने, खेतों में समूह में जाने तथा घरों के पास रोशनी व सफाई रखने को कहा।

तेंदुआ की जंगल की ओर जाने की आशंका

महाराजपुर के करनखेड़ा सहित आसपास के गांवों में दहशत फैलाने वाला तेंदुआ वन विभाग की पांच स्तरीय रणनीति के बावजूद पकड़ में नहीं आ सका है। मंगलवार को खेत में दिखाई देने के बाद ग्रामीणों पर हमला कर भागे तेंदुए की तलाश में गुरुवार को भी वन विभाग की 22 सदस्यीय रैपिड रिस्पांस टीम जुटी रही। गुरुवार को भी दिनभर कांबिंग के बावजूद न तो तेंदुआ दिखा, न उसके पगचिह्न मिले। ट्रैप कैमरों में उसकी कोई तस्वीर कैद नहीं हो सकी। ऐसे में उसके ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर जंगल की ओर जाने की आशंका जताई जा रही है।

तेंदुआ लगातार अपना स्थान बदलता रहता है। उसका भोजन भी निश्चित नहीं होता है। वह मुर्गे से लेकर छोटे जानवरों तक का शिकार कर सकता है। संभव है कि वह ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर जंगल के रास्ते कहीं दूसरी जगह चला गया हो। तलाश जारी है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पिंजड़े लगाए जाएंगे। कैमरा ट्रैप में रात के समय मिलने वाली तस्वीरों के आधार पर संभावित ठिकाने की घेराबंदी की जाएगी। रात-दिन टीम तैनात रहेंगी।
-प्रभागीय वन अधिकारी आकांक्षा जैन

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।