CSA Kanpur के हॉस्टल में छात्रों से अभद्रता का Video Viral, मुर्गा बनाकर थूका
कानपुर के सीएसए विश्वविद्यालय के तिलक छात्रावास में छात्रों के बीच मारपीट, अभद्रता और जातिसूचक शब्दों का मामला सामने आया है। बीएससी वानिकी के छात्रों ने कृषि के छात्रों पर उन्हें मुर्गा बनाने, थूकने और वीडियो वायरल करने का आरोप लगाते हुए नवाबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
सीएसए के तिलक छात्रावास में छात्रों के बीच मारपीट हुई।
छात्रों को मुर्गा बनाकर उन पर थूकने का आरोप लगा।
घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया गया।
जागरण संवाददाता, कानपुर। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के तिलक छात्रावास में छात्रों के बीच मारपीट, अभद्रता और जातिसूचक शब्द कहने का मामला सामने आया है। बीएससी वानिकी द्वितीय वर्ष के दो छात्रों ने बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के कुछ छात्रों पर उन्हें मुर्गा बनाने और बारी-बारी से उन पर थूकने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी छात्रों ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया। पीड़ित छात्रों ने नवाबगंज थाने में शिकायत दी है।
पहचान बताने पर बढ़ा विवाद
पीड़ित छात्र के मुताबिक, 20 नवंबर को वानिकी प्रथम वर्ष के कुछ छात्रों को कृषि द्वितीय वर्ष के छात्र प्रताड़ित कर रहे थे। इसकी शिकायत एंटी रैगिंग सेल में की गई थी। प्रथम वर्ष के एक छात्र ने आरोपितों की पहचान भी बता दी। जिससे नाराज आरोपित छात्र कर्पूरी ठाकुर छात्रावास पहुंचे और गाली-गलौज की। उस समय दोनों पीड़ित छात्र छात्रावास में मौजूद नहीं थे। लौटने के बाद उन्होंने फोन कर गाली-गलौज का कारण पूछा तो तिलक छात्रावास बुलाकर दोनों को मुर्गा बनाया गया। जातिसूचक गालियां देते हुए दोनों पर बारी-बारी से थूका गया और घटना का वीडियो बनाकर प्रसारित कर दिया गया।
कुलपति बोले- विश्वविद्यालय अपने स्तर से कर रहा जांच
सीएसए के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि दो छात्र गुटों के बीच मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। अभी तक किसी भी छात्र ने लिखित शिकायत नहीं दी है। विश्वविद्यालय अपने स्तर से भी मामले की जांच कर रहा है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं डीएसडब्ल्यू प्रो. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही तत्काल छात्रावास पहुंचकर सभी छात्रों से इसकी जानकारी ली, लेकिन किसी भी छात्र ने शिकायत नहीं दर्ज कराई। सभी छात्रों को हिदायत दी गई थी।