नौकरी और शिक्षा के मुद्दे पर भाजपा को घेरा, खाली पदों को लेकर आकाश आनंद ने भाजपा से पूछा हिसाब
बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने कानपुर में भाजपा सरकार पर शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के मुद्दों पर हमला बोला, 10 साल का हिसाब मांगा। उन्होंने कांग्रेस और सपा की भी आलोचना की, बसपा के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं और मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।
HighLights
भाजपा सरकार पर शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार के मुद्दों पर हमला।
खाली सरकारी पदों, पेपर लीक, बेरोजगारी पर उठाए सवाल।
बसपा के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं, मायावती को सीएम बनाने की अपील।
जागरण संवाददाता कानपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी ने कानपुर में चुनावी बिगुल फूंक दिया। रविवार को बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के बैरी गांव स्थित राम सहाय इंटर कालेज के मैदान में आयोजित जनसभा में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद पहुंचे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा और शिक्षा, सुरक्षा तथा रोजगार के मुद्दे पर सरकार से दस साल का हिसाब मांगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय तमाम राजनीतिक दल जनता को गुमराह करने आएंगे, लेकिन मतदाताओं को किसी के बहकावे में आने के बजाय उसके काम का आकलन करना चाहिए।
आकाश आनंद ने अपने संबोधन की शुरुआत महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति शाहूजी महाराज, नारायण गुरु, बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर और बसपा संस्थापक कांशीराम को नमन करके की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के संविधान ने एक व्यक्ति, एक वोट और एक कीमत का अधिकार दिया। इसी अधिकार की ताकत से बहन मायावती चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनीं। यह केवल एक व्यक्ति की कहानी नहीं, बल्कि संविधान की ताकत और सामाजिक परिवर्तन का प्रमाण है।
उन्होंने कानपुर के औद्योगिक इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि इस शहर को किसी राजा या सेठ ने नहीं, बल्कि मजदूरों के हाथों और उनके खून-पसीने ने बनाया है। कपड़ा और चमड़ा उद्योग में बहुजन समाज की कई पीढ़ियों ने योगदान दिया, लेकिन शहर तो चमका, मजदूरों की बस्तियां नहीं चमकीं। मिलें एक-एक कर बंद होती गईं और कामगारों का रोजगार छिनता गया। उन्होंने कहा कि जनता की तीन बुनियादी मांगें हैं- अच्छी शिक्षा, सबके लिए सुरक्षा और हर हाथ को रोजगार।
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि दस वर्षों में सरकार ने विज्ञापन और प्रचार पर करीब सात हजार करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन 13 लाख से अधिक सरकारी पद खाली पड़े हैं। भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और युवाओं की बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के दो करोड़ से अधिक युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। सरकार ने 25 हजार से अधिक स्कूल बंद या दूसरे विद्यालयों में समायोजित किए हैं। शिक्षकों के पद खाली होने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि स्कूलों को बंद करने के बजाय शिक्षकों की भर्ती होनी चाहिए।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध और हत्या की घटनाओं पर सवाल उठाए। कहा कि सरकार को कैमरे के सामने आरोपितों को घुमाने के बजाय महिलाओं को सुरक्षा और अपराधियों को अदालत से सजा दिलाने पर ध्यान देना चाहिए।
आकाश आनंद ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया। कांग्रेस पर बाबा साहब आंबेडकर के प्रति ऐतिहासिक उपेक्षा का आरोप लगाया। वहीं, सपा पर दलितों के सम्मान और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में आने पर सपा सरकार ने कई जिलों के नाम बदल दिए थे। उन्होंने सपा के पीडीए नारे पर भी सवाल उठाए और कहा कि बहुजन समाज अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेगा।
बसपा सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था, गरीबों के आवास, बेटियों की शिक्षा, सरकारी भर्तियों और विकास कार्यों को गिनाया। दावा किया कि मायावती सरकार में 90 हजार से अधिक शिक्षकों, एक लाख से अधिक सफाई कर्मचारियों और दो लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई थी। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार ने गरीबों, मजदूरों, किसानों और वंचित समाज के लिए योजनाएं लागू कीं।
आकाश आनंद ने कहा कि इस बार चुनाव में जनता को विज्ञापन और काम के बीच अंतर समझना होगा। उन्होंने बिल्हौर से बसपा प्रत्याशी अवधेश कोरी को भारी मतों से जिताने और मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बसपा केवल घोषणाएं करने नहीं, बल्कि जनता के सामने काम का हिसाब रखने की राजनीति करती है। जनसभा के अंत में उन्होंने जय भीम का नारा लगाते हुए कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।