कानपुर के अन्ना चौराहे पर 3 युवकों की दबंगई, दो सिपाही को पीटा, बाइक हटाने को कहने पर लात-घूंसे व थप्पड़ जड़े
कानपुर के अन्ना चौराहे पर नशे में धुत तीन युवकों ने दो पुलिसकर्मियों से मारपीट की, जिसके बाद उन पर मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, एक आरोपी ने पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो जारी किया है।
-1795966839826_m.webp)
HighLights
अन्ना चौराहे पर तीन युवकों ने पुलिसकर्मियों को पीटा।
नशे में धुत युवकों ने गाली-गलौज कर हमला किया।
आरोपी ने पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, कानपुर। चकेरी थानाक्षेत्र के अन्ना चौराहे पर बीते शुक्रवार को बाइक सवार तीन युवकों ने दो पुलिसकर्मियों से मारपीट की। आरोप है कि नशे की हालत में उन्होंने गाली-गलौज की और विरोध करने पर डंडे से हमला कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित सिपाही की तहरीर पर तीनों पर मुकदमा दर्ज हुआ।
मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर निवासी रिक्रूट कांस्टेबल जोगेंद्र सिंह कोयला नगर चौकी में तैनात हैं। तहरीर के अनुसार, 27 नवंबर की शाम वह साथी रिक्रूट कांस्टेबल अमित चौधरी संग बाइक से अन्ना चौराहे स्थित अपने कमरे जा रहे थे। चौराहे पर बाइक सवार अभिलाष, जितेंद्र और नागेंद्र ने आगे अपनी बाइक रोक दी। तीनों नशे की हालत में थे।
बाइक हटाने को कहने पर वे नीचे उतरकर गाली देने लगे। विरोध करने पर लात-घूंसों व थप्पड़ों से हमला कर पास पड़ा डंडा उठाकर मारने लगे। पुलिस में होने की बात बताने पर जान से मारने की धमकी दी। भीड़ जुटने पर भागते समय गिरने के बाद फिर हमला किया। सिपाहियों ने चौकी में सूचना दी। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
पुलिस चौकी पर थर्ड डिग्री देने का आरोप, वीडियो प्रचलित
रिक्रूट कांस्टेबल जोगेंद्र सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद रविवार को एक युवक का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में आया। वीडियो में युवक खुद को अभिलाष बताते हुए सेना में श्रीनगर के बारामुल्ला में लांस नायक पद पर तैनात होने और दो माह की छुट्टी पर आने की बात कहता है। उसके मुताबिक, शुक्रवार को दो दोस्त उससे मिलने आए थे और वह उनके साथ बाइक से जा रहा था। इस दौरान उनकी बाइक नकाबपोश दो बाइक सवारों से टकरा गई। युवक का आरोप है कि बाइक सवारों ने चाबी निकालकर गाली-गलौज और मारपीट की। वीडियो में वह पुलिस पर चौकी ले जाकर बेरहमी से पीटने और थर्ड डिग्री देने का आरोप भी लगाता दिख रहा है।