Sultanpur Encounter: नाबालिग छात्रा से छेड़खानी करना पड़ा भारी, आरोपी मुठभेड़ में घायल
सुलतानपुर में पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के एक आरोपी विशाल सिंह को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसका साथी अनुराग फरार है जिसकी तलाश जारी है। जून में युवकों ने पीड़िता का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर डाल दिया था। एसपी के निर्देश पर केस दर्ज हुआ।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के एक आरोपित को मंगलवार देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान अलहदादपुर निवासी विशाल सिंह के रूप में हुई है। वहीं, उसका साथी अनुराग फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, दोस्तपुर क्षेत्र में जून में युवकों ने एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ कर उसका वीडियो बना लिया था। पीड़िता लोक-लाज के कारण चुप रही। इस बीच सरहंग किस्म के आरोपितों ने बीते 11 अगस्त को यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
यह भी पढ़ें- लव मैरिज का खूनी अंत: बस्ती में पुलिसकर्मी ने प्रेम विवाह के 10 दिन बाद पत्नी को उतारा मौत के घाट
वीडियो प्रसारित होने के बाद एसपी कुंवर अनुपम सिंह सख्त हुए। उनके निर्देश पर पीड़िता की मां की शिकायत पर दोस्तपुर थाने में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते भागने की योजना बना रहे हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह के अनुसार, पुलिस की घेराबंदी पर आरोपितों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में विशाल सिंह के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अनुराग भाग निकला। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। घायल आरोपित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर में भर्ती कराया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।