7 दारोगा का हाथ-पैर तुड़वाकर यहां तक पहुंचा हूं, जरूरत पड़ी तो...; योगी सरकार के मंत्री संजय निषाद का विवादित बयान
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह कहते दिख रहे हैं कि वह सात दारोगाओं के हाथ-पैर तुड़वाकर उन्हें गड्ढे में फेंकवाकर यहां तक पहुंचे हैं। यह वीडियो सुलतानपुर जनपद के मदारडीह गांव में मंगलवार को आयोजित संविधान अधिकार यात्रा के दौरान का बताया जा रहा है। हालांकि दैनिक जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता।

जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मत्स्य विभाग के मंत्री डा. संजय निषाद का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। यह वीडियो सुलतानपुर जनपद के मदारडीह गांव में मंगलवार की आयोजित संविधान अधिकार यात्रा के दौरान का बताया जा रहा है। हालांकि, दैनिक जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता। वीडियो में संजय निषाद कह रहे कि ऐसे यहां तक नहीं पहुंचा हूं, सात दारोगा का हाथ पैर तुड़वाकर उन्हें गड्ढे में फेंकवाकर यहां पहुंचा हूं।
हाथी, साइकिल, पंजा वाले ही अब भाजपा में काट रहे मलाई : डा. संजय निषाद
सुलतानपुर में लोक निर्माण विभाग निरीक्षण भवन में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि हाथी, साइकिल व पंजा वाले अब भाजपा में मलाई काट रहे हैं। उनके पास जब हमारे समाज के लोग जाते हैं तो उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे लोगों को किनारे किया जाना चाहिए। कल यह सब फिर उसी दल में चले जाएंगे।
उन्हाेंने कहा कि नागपुर दंगे के लिए औरंगजेब को आदर्श मानने वाले लोग जिम्मेदार हैं। मंत्री ने कहा कि सपा मुखिया व पार्टी को सोचना है कि उनके लिए औरंगजेब आदर्श हैं या भगवान कृष्ण। औरंगजेब की मानसिकता वाले लोग ही सपा को समाप्त पार्टी की ओर ले जा रहे हैं। मैं तो निषादराज को अपना आदर्श मानता हूं। संभल में नेजा मेले पर रोक लगाए जाने का उन्होंने समर्थन किया। कहा कि क्रूरता का जश्न नहीं मनाया जाना चाहिए। मेले से लोग आदर्श सीखते हैं। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश निषाद भी उपस्थित रहे।
सात दारोगा का हाथ - पैर तोड़वा कर यहां तक पहुंचा
मत्स्य मंत्री डा. संजय निषाद के विवादित बयान का वीडियो इंटरनेट मीडिया में हो रहा प्रसारित pic.twitter.com/uavEqLHsAI
— UP Desk (@NiteshSriv007) March 19, 2025
संवैधानिक अधिकार रथ यात्रा का स्वागत
संवैधानिक अधिकार रथ यात्रा जयसिंहपुर के आयुबपुर चौराहे पर स्वागत किया गया। शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में सुरेंद्र मिश्र, योगेंद्र सिंह, आलोक पांडेय ने मंत्री को माला पहनाई। यहां मंत्री ने कहा कि संवैधानिक अधिकार रथ यात्रा का उद्देश्य वंचित वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। मेहीलाल कनौजिया, वीरेन्द्र पांडेय सहित सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे।
जिन्हें तकलीफ है, वे वीजा लेकर पाकिस्तान जा सकते हैं
संवैधानिक अधिकार यात्रा मदारडीह गांव पहुंचने पर डा. संजय निषाद का स्वागत किया गया। उनके साथ लंभुआ विधायक सीताराम वर्मा व जयसिंहपुर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय भी मौजूद रहे। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि अगर कोई बहन-बेटियों की इज्जत पर अंगुली उठाता है या अनुसूचित जाति के लोगों को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करके उनका अपमान करने का प्रयास करता है तो वह जेल जाएगा। औरंगजेब के विषय में बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिन्हें यहां तकलीफ है, वे वीजा लेकर पाकिस्तान जा सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।