Sultanpur Crime: पहले पिता को जिंदा जलाया और अब फंदे से लटका मिला बेटे का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
सुल्तानपुर में एक दुखद घटना सामने आई है जहां एक वृद्ध को जिंदा जलाने के तीन दिन बाद उसके बेटे का शव गाँव के बाहर एक पेड़ से लटका हुआ मिला। परिवार ने पट्टीदारों पर हत्या का आरोप लगाया है जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के पिता को भी कुछ दिन पहले जिंदा जला दिया गया था जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

संवाद सूत्र, भदैंया (सुलतानपुर)। सुल्तानपुर में तीन दिन पहले एक वृद्ध को जिंदा जला दिया गया था। अब उसके पुत्र का शव गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटका मिला। चर्चा है कि पिता की हत्या के संदेह में पुलिस उसे ढूंढ़ भी रही थी। वहीं, मृतक की पत्नी व बहू ने पट्टीदारों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
शिवगढ़ थाना के रामगढ़ गांव के बाहर महुआ के पेड़ से एक युवक का शव रस्सी के फंदे से लटका दिखा। पुलिस ने शव उतरवाया तो मृतक की पहचान गांव के ही जमुना प्रसाद के रूप में हुई। तीन दिन पहले उनके पिता मुंदरलाल को घर के बरामदे में जिंदा जला दिया गया था।
मृतक की पुत्रवधू केवला देवी ने संपत्ति व लेनदेन के विवाद में चचेरे देवर विजय कुमार पर हत्या का आरोप लगा नामजद किया था। उसको गिरफ्तार कर बुधवार को पुलिस ने जेल भेज दिया था।
घटना के बाद से ही इकलौते पुत्र जमुना का मोबाइल बंद था, जिससे उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था। इससे पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं।
हालांकि, उनकी पत्नी का कहना था कि ससुर की हत्या के एक दिन पहले उनके पति दिल्ली चले गए थे। ऐसे में सवाल उठता है कि वे गांव कैसे पहुंचे और घर पहुंचने से पहले ही उनका शव कैसे पेड़ से लटका मिला।
जमुना की पत्नी केवला देवी और पुत्रवधू मीनू ने गांव के ही पट्टीदार अशोक कुमार और सतीश कुमार पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष ज्ञानेश दुबे ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, छानबीन करने के साथ ही विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।