Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घर में सो रहे बुजुर्ग पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, बहू ने चचेरे देवर पर दर्ज कराई हत्या की FIR

    Updated: Mon, 15 Sep 2025 05:30 PM (IST)

    सुल्तानपुर के रामगढ़ गांव में एक वृद्ध को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की बहू ने चचेरे देवर पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है मृतक के पुत्र पर भी संदेह है क्योंकि उसका मोबाइल बंद है। जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है।

    Hero Image
    घटना की सूचना म‍िलने पर मौके पर पहुंची पुल‍िस जांच करती हुई।

    संवाद सूत्र, भदैंया (सुलतानपुर)। घर में सो रहे वृद्ध पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना रविवार की रात रामगढ़ गांव में हुई। मृतक की बहू ने चचेरे देवर पर घटना करने का आरोप लगाया है। पुलिस नामजद एफआइआर दर्ज कर उससे पूछताछ कर रही है। हालांकि, इस सनसनीखेज घटना में मृतक के पुत्र पर भी पुलिस को संदेह है, उसकी गतिविधियों की भी छानबीन कर रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शिवगढ़ थाना के रामगढ़ निवासी मुंदरलाल सरोज रविवार की रात खाना खाकर बरामदे में सो गए। करीब 12.30 बजे जब वे जोर- जोर से चिल्लाने लगा तो घरवालों की नींद टूटी। वे बाहर आए तो मुंदरलाल को आग की लपटों से घिरा पाया। जैसे-तैसे घरवालों व ग्रामीणों ने आग बुझाई और तत्काल सीएचसी पहुंचाया। वहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सक ने राजकीय मेडिकल कालेज के अस्पताल रेफर कर दिया। यहां भी हालत में सुधार न होने पर ट्रामा सेंटर लखनऊ, के लिए रेफर कर दिया गया। परिवारजन लखनऊ ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि मुंदरलाल ने दम तोड़ दिया।

    मृतक की बहू केवला देवी पत्नी जमुना प्रसाद ने चचेरे देवर विजय कुमार पुत्र शिवबरन के विरुद्ध जलाकर मार डालने का आरोप लगाया। घटना स्थल से गैलन में पेट्रोल व माचिस की तीलियां मिली हैं। बताया गया कि जमुना रविवार को ही परदेश चला गया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच आफ है। गतिविधियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस उसके बारे में भी छानबीन कर रही है।

    पेट्रोल का गैलन और माचिस बनी घटना की गवाह

    वृद्ध जिस तख्त पर लेटा था, उस पर बिछा बिस्तर तक जल चुका था। शरीर भी पूरी तरह झुलसा था। पास में ही एक गैलन पाया गया है, जिससे कयास लगाया जा रहा है कि इसी में पेट्रोल लाया गया था।

    ...दो बीघे खेती तो नहीं बनी घटना का कारण

    मुंदरलाल चार भाइयों रामबरन, शिवबरन, शिवकुमार में तीसरे नंबर पर थे। उनके नाम करीब दो बीघे खेत है। बेटा दिल्ली में जबकि बहू केवला देवी घर पर रहती है। पता चला है कि बेटे-बहू से विवाद होने पर मुंदरलाल भतीजे विजय के यहां जाकर भोजन कर लेते थे। नाराज होने पर वे उसी के नाम खेत कर देने की भी बात कहते थे। घटना के पीछे यही जमीन वजह मानी जा रही है। आरोपित विजय अपनी मां के साथ गांव में रहता है जबकि, उसका पूरा परिवार दिल्ली में सब्जी बेचता है।

    शिवगढ़ थानाध्यक्ष ज्ञानेश दुबे ने बताया कि मृतक की बहू की तहरीर पर हत्या की एफआइआर दर्ज कर सभी पहलुओं पर छानबीन व संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। जमुना प्रसाद का मोबाइल बंद होने से उससे बात नहीं हो पा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- जिले में तेजी से फैल रहा है लंपी वायरल, चपेट में दर्जनों पशु; सूचना के बाद भी नहीं आ रहे डॉक्टर