UP Weather Update: फिर मौसम हुआ शुष्क तो IMD ने कर दी भविष्यवाणी, कहा- तीन दिन बाद ही तेज वर्षा की संभावना
सिद्धार्थनगर में जुलाई माह में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं जिससे लोग गर्मी और उमस से बेहाल हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा लेकिन उसके बाद बारिश की संभावना है जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है। तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। शुक्रवार को मौसम थोड़ा मेहरबान हुआ, पर शनिवार को फिर से मौसम शुष्क हो गया। अधिकांश समय तेज धूप निकली रही। बीच-बीच में बादलों की आवाजाही होती रही, मगर वर्षा नहीं हुई।
जुलाई महीने में अब तक सूखे की स्थिति बन रही है। अधिकतर समय मौसम धूप वाला बना रहा, जबकि इस माह में वर्षा नाममात्र रही। तापमान भी निरंतर सामान्य से अधिक रहा। भीषण गर्मी दिन में लोगों को बेहाल करती रही तो रात में उमस से सुकून की नींद लेना मुश्किल हो जा रहा है।
शुक्रवार को दोपहर बाद बूंदाबांदी व हल्की वर्षा हुई, ऐसा लगा कि शायद मानसून फिर से तीव्रता पकड़ेगा।मगर दूसरे दिन ही मौसम फिर से बदल गया और तेज धूप के बीच गर्मी बढ़ गई। पिछले 24 घंटे में तापमान पर नजर डालें तो शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.8 व न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस था तो शनिवार को अधिकतम तापमान 35.6 व न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि वैसे तो कल से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा हो सकती है। बुधवार व गुरुवार से तेज व भारी वर्षा हो सकती है। इसके बाद गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद है।
राज्य कृषि मौसम केंद्र प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दो-तीन दिन मौसम शुष्क रहेगा। बीच-बीच बूंदाबांदी व हल्की वर्षा हो सकती है। तीन बाद मध्यम से तेज व कहीं-कहीं भारी वर्षा होने के आसार हैं।
पिछले पांच दिनों में कुछ इस प्रकार रहा तापमान
दिनांक | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
---|---|---|
26 जुलाई | 35.6 | 29.2 |
25 जुलाई | 37.5 | 30.8 |
24 जुलाई | 38.5 | 30.2 |
23 जुलाई | 38.4 | 30.2 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।