Shravasti News: दहेज की प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने दी जान, पति समेत तीन पर केस दर्ज
श्रावस्ती के केवटनपुरवा गांव में दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर एक विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। ससुराल वालों ने बिना सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सास और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, जमुनहा (श्रावस्ती)। मल्हीपुर क्षेत्र के केवटनपुरवा गांव में बुधवार को दहेज की प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने आत्महत्या कर ली थी। ससुराल के लोगाें ने मायके पक्ष व पुलिस को सूचित दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास व ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, आत्महत्या के लिए उकसाने व साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज किया है।
गिलौला क्षेत्र के बगनहा केवटनपुरवा निवासी पृथ्वीराज ने अपनी पुत्री करिश्मा का विवाह छह वर्ष पूर्व मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोहनपुर के केवटनपुरवा निवासी रामू के साथ किया था। करिश्मा की बुधवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मायके पक्ष के लोगों ने घटना की सूचना मल्हीपुर पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले शव पूरी तरह से जल चुका था।
मृतका के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि ससुरालीजन दहेज के लिए आए दिन बेटी को प्रताड़ित करते थे। इससे वह ऊब कर 20 अगस्त को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ससुराल वाले बिना सूचित दिए बेटी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर पति रामू, ससुर ओम प्रकाश व सास ज्ञानवती पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।