Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Shahjahanpur News: लापता मजदूर का तीसरे दिन मिला शव, पैर का पंजा म‍िला गायब

    Updated: Mon, 08 Sep 2025 05:10 PM (IST)

    बंडा क्षेत्र के दिउहना गांव से लापता सुधीर का शव तीसरे दिन खेत में मिला पैर का पंजा गायब था। पुलिस का मानना है कि कुत्तों ने नोचा होगा। सुधीर शनिवार सुबह काम पर जाने की बात कहकर निकले थे और वापस नहीं लौटे थे। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। परिजन भी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे।

    Hero Image
    लापता मजदूर का तीसरे दिन मिला शव।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

    संवाद सूत्र, बंडा। घर से लापता दिउहना गांव के सुधीर का शव तीसरे दिन खाली खेत में पड़ा मिला। उनके पैर का एक पंजा गायब था। आसपास कुत्ते व कौव्वे मंडरा रहे थे। पुलिस का मानना है कि उन्होंने ही पंजे को नोच लिया होगा। स्वजन ने अब तक तहरीर नहीं दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। ताकि मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सके।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सुधीर पड़ोस गांव के ही एक झाले पर मजदूरी करते थे। जब ज्यादा देर हो जाती थी तो वहीं पर रुक भी जाते थे। शनिवार को वह काम पर जाने की बात कहकर सुबह नौ बजे निकले थे, लेकिन उसके बाद घर नहीं आए। स्वजन ने सोचा कि शायद रात में वहीं रुक गए होंगे, लेकिन जब रविवार दोपहर तक नहीं पहुंचे तो झाले पर जानकारी की। वहां पता चला कि सुधीर काम पर आए ही नही।

    इसके बाद उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह गांव के ही एक व्यक्ति ने ईंट भटटे के पास शांति देवी के खेत में शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंचे पुत्र धर्मेंद्र ने पिता की पहचान की। धर्मेंद्र ने बताया कि शव के दहिने पैर का पंजा गायब है। वहां पर कुत्ते व कौव्वे भी मंडरा रहे थे। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय ने बताया कि शव की स्थिति देखकर लग रहा है कि सुधीर की मृत्यु दो दिन पूर्व हुई है।पैर के पंजे का कुछ हिस्सा गायब है।चेहरा व शेष शरीर का हिस्सा सुरक्षित है। हो सकता है कुत्ते या कौव्वे ने नोचा हो।

    उन्होंने बताया कि सुधीर शराब पीने के आदी थे। स्वजन ने भी फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी है। जांच की जा रही है। मृत्यु का कारण व समय पोस्टमार्टम में स्पष्ट होगा। अगर स्वजन किसी के विरुद्ध कोई तहरीर देते हैं तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वहीं धर्मेंद्र का कहना है कि पिता को झाले पर शनिवार को फसल में दवा का छिड़काव करते देखा गया था। जबकि झाला स्वामी पिता के 25 अगस्त के बाद से काम पर नहीं आने की बात कह रहे हैं। उन लोगों को भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई कराएंगे।

    यह भी पढ़ें- Shahjahanpur Accident: सांड़ से टकराकर बाइक सवार दो युवकों की मौत, लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसा