Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Holika Dahan 2025: होलिका दहन आज, रात 10:44 से 11:45 तक मुहूर्त; पुलिस-प्रशासन ने कसी कमर

    By Jagran NewsEdited By: Vinay Saxena
    Updated: Thu, 13 Mar 2025 08:32 AM (IST)

    यूपी के चंदौसी में होलिका दहन के लिए सभी जगहों पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। गुरुवार रात 1044 से 1145 तक होलिका दहन का मुहूर्त है। इसके बाद शुक्रवार को रंग खेला जाएगा। होली शुक्रवार को है इस दिन मुस्लिम समुदाय के लोग जुमे की नमाज भी अदा करते हैं। ऐसे में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।

    Hero Image
    करीब एक घंटा रहेगा होल‍िका दहन का शुभ मुहूर्त।

    जागरण संवाददाता, चंदौसी। होलिका दहन के लिए जनपद में सभी जगहों पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। गुरुवार रात 10:44 से 11:45 तक होलिका दहन का मुहूर्त है। इसके बाद शुक्रवार को रंग खेला जाएगा। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन के साथ नगर निकायों व अन्य विभागों ने भी अपनी कमर कस ली है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    होली शुक्रवार को है, इस दिन मुस्लिम समुदाय के लोग जुम्मा की नमाज भी अदा करते हैं। ऐसे में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने जिले को छह जोन, 14 सेक्टर और 18 सब-सेक्टरों में बांटा है। सबसे अधिक संवेदनशील क्षेत्र संभल होने के कारण यह अधिकारियों की विशेष नजर में रहेगा। इसके अलावा, जिले भर में 1212 जगहों पर होलिका दहन होगा, जहां पुलिस के एक नोडल अधिकारी को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

    वहीं, साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था को लेकर नगर निकायों ने भी अपनी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली हैं। सुबह के समय पानी सप्लाई में कटौती करके, दोपहर में लोगों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए क्विक रेस्पांस टीमें भी बनाई गई हैं, जो दिनभर सक्रिय रहेंगी। इसके अतिरिक्त, बुधवार को चंदौसी नगर पालिका क्षेत्र में होलिका दहन स्थलों पर रंगोली आदि बनाने का कार्य भी चल रहा था।

    वहीं इस दिन होने वाली घटनाओं और दुर्घटनाओं से निपटने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। यहां आपातकालीन सेवाओं से जुड़े सभी कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर ड्यूटी पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, अलग से वार्ड बनाए जाने और आंखों व एलर्जी की दवाएं प्रचुर मात्रा में रखने के निर्देश दिए गए हैं।

    होली वाले दिन 24 घंटे ब‍िजली सप्लाई के न‍िर्देश

    उधर, बिजली विभाग को होली वाले दिन 24 घंटे सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए यहां विशेष ड्यूटी रोस्टर भी बनाया गया है। इसके अलावा, लोगों की सहूलियत के लिए बिजली विभाग की ओर से चंदौसी में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लोगों से केमिकल युक्त रंगों से दूर रहने की सलाह दी है, और जरूरत पड़ने पर डॉक्टरों से सलाह लेने का सुझाव दिया है।

    यह भी पढ़ें: संभल में होली के द‍िन कब होगी जुमे की नमाज? जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी ने की घोषणा

    यह भी पढ़ें: संभल में होली से पहले मस्जिदों पर चढ़ाई तिरपाल, जामा मस्जिद को भी ढका गया; अलर्ट मोड पर पुलिस प्रशासन