मिलने आए, पैर छुआ और भोंक दिया जहरीला इंजेक्शन... मुलायम सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले भाजपा नेता की हत्या किसने की?
उत्तर प्रदेश के संभल में सोमवार को तीन अज्ञात लोगों ने जहरीला पदार्थ देकर भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की हत्या कर दी। गुन्नौर के सर्किल ऑफिसर दीपक तिवारी ने बताया कि 60 वर्षीय नेता जुनावई पुलिस स्टेशन के अंतर्गत दफ्तारा गांव में अपने खेत पर बैठे थे तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन संदिग्ध उन्हें जहरीला पदार्थ देकर मौके से फरार हो गए।
जागरण संवाददाता, संभल। भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलफाम सिंह यादव की जहरीला इंजेक्शन भोंककर हत्या कर दी गई। सोमवार दोपहर मोटरसाइकिल सवार तीन लोग उनके पास पहुंचे। बातचीत की और एक आरोपी ने उनके पेट में इंजेक्शन भोंक दिया। इसके बाद भागते आरोपितों का गुलफाम ने पीछा भी किया, लेकिन कुछ कदम चलने पर वह बेहोश होकर गिर गए।
अलीगढ़ ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। अलीगढ़ में शव का पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों को पेट पर मामूली छेद मिला है। उसके आसपास की त्वचा नीली थी। इससे इंजेक्शन में जहर होने की आशंका जताई गई है। वारदात के पीछे राजनीतिक रंजिश की भी अटकलें हैं।
पेट में भोंक दिया इंजेक्शन
उत्तर प्रदेश में संभल जिले के दवथरा हिमांचल गांव में घर से तीन सौ मीटर दूर भाजपा नेता का घेर (पशुओं का स्थान) है। घेर में दो मजदूर निर्माण कार्य में लगे थे। मोटरसाइकिल से आए तीनों आरोपियों ने गुलफाम यादव से नमस्ते की। इसके बाद एक बदमाश घेर से बाहर चला गया। दो उनके पास ही बैठ गए।
पांच मिनट बाद एक आरोपी ने भाजपा नेता के पेट में इंजेक्शन भोंक दिया और दोनों भाग गए। गुलफाम यादव भी शोर मचाते हुए भागे। आरोपियों का एक साथी पहले से ही मोटरसाइकिल स्टार्ट कर खड़ा था। स्वजन उन्हें अलीगढ़ लेकर चले, लेकिन रास्ते में ही उनकी दर्दनाक मृत्यु हो गई।
फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
- भाजपा नेता के बेटे दिव्य प्रकाश ने हत्यारोपियों के बारे में जानकारी होने के संकेत दिए हैं। उनका कहना है कि गांव लौटकर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि भाजपा नेता की हत्या जहरीला इंजेक्शलन भोंककर की गई है। मौके से आरोपियों के हेलमेट और नीडिल भी मिली है।
- उन्होंने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने पर जहर का पता चलेगा। गोली लगने की बात निराधार है। विसरा प्रिजर्व कर लिया गया है और पुलिस की आठ टीमें राजफाश में जुट गई हैं। मुरादाबाद के वरिष्ठ सर्जन डॉ. मगन मेहरोत्रा का कहना है कि यह सायनाइड केमिकल हो सकता है। यह शरीर में खून में ऑक्सीजन प्रवाह की क्षमता खत्म कर देता है।
- भाजपा के विभिन्न पदों के साथ 1976 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह भी रहे। 2004 में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के खिलाफ गुन्नौर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर उपचुनाव भी लड़ा था। वह भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और बदायूं जिले के महामंत्री भी रहे।
जानकार बताए जा रहे आरोपी
उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग में भी सदस्य बने। उनकी पत्नी जावित्री तीसरी बार गांव प्रधान हैं। बेटे दिव्यप्रकाश जुनावई ब्लाक के प्रमुख भी रह चुके हैं। मजदूरों के मुताबिक एक आरोपी के लौटने के बाद गुलफाम ने दोनों को कुर्सी पर बैठाया। उनको पानी पिलाया। पास में खड़ा एक मजदूर जैसे ही काम में व्यस्त हुआ हुआ तो एक आरोपी ने उनके पेट में इंजेक्शन भोंक दिया।
शोर सुनकर मजदूर भी उनके साथ भागे, लेकिन हमलावर फरार हो गए। इंजेक्शन लगाकर हत्या करने का यह दूसरा मामला है। कुछ दिनों पहले बरेली में एक सिपाही पर तीन लाख रुपये की सुपारी देकर इसी प्रकार अपनी पत्नी की हत्या करवाने का आरोप लगा था। सिपाही और उसके साथी अब जेल में हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।