Saharanpur News : गहराता जा रहा सहारनपुर का मिशन बंगला संपत्ति विवाद...अब रंगदारी का मामला दर्ज
Saharanpur बेहट में मिशन बंगला की संपत्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। वादी रोबिन रिचर्ड ने 11 लोगों पर 5 करोड़ की रंगदारी मांगने और दस्तावेजों में हेरफेर का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। उनका दावा है कि उन्होंने यह संपत्ति जमीलउल हक से खरीदी थी।

जागरण संवाददाता, बेहट (सहारनपुर)। कस्बे में मिशन बंगला की भूमि को लेकर वर्षों से चले आ रहे विवाद में अब न्यायालय के आदेश पर पांच करोड़ की रंगदारी मांगे जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। मुकदमे के वादी रोबिन रिचर्ड ने पांच लोगों को नामजद करते हुए 11 के खिलाफ रंगदारी मांगने तथा बंगला की भूमि में दस्तावेजों की कूटरचना का आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि कस्बे में तहसील के पास दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे किनारे यह संपत्ति स्थित है, जिसे लेकर दो दशक से भी अधिक समय से विवाद चले आ रहे हैं। इसी विवाद के चलते पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। अब रोबिन रिचर्ड निवासी चंडीगढ़ का दावा है कि यह संपत्ति रजिस्टर्ड वसीयत के माध्यम से जमीलउल हक को हस्तांरित कर दी गई थी। जिसके बाद इस संपत्ति को उसने जमीलउल हक से खरीदा था। इसके 28 व 29 अप्रैल 2023 को बैनामे कराए गए थे। तभी से वह इस संपत्ति का मालिक व काबिज है। रोबिन का आरोप है कि दिनेश कुमार दीवाकर निवासी टीचर्स कालोनी पंसाली उत्तर पश्चिम दिल्ली, रामेश्वर निवासी जानसठ व धर्ममसीह निवासी खतौली, रवि नरीस राजपुर रोड सिविल लाइन दिल्ली, संतोष सागर अपने आप को सीआईपीबीसी का बिशप, पदाधिकारी दर्शाकर फर्जी मुहर व सील तथा लेटरहेड के जरिये संपत्ति के दस्तावेजों की कूटरचना कर और चर्च में कब्रिस्तान बताकर उस पर कब्जा कर तथा खुर्दबुर्द करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि यह लोग ईसाई समुदाय की किसी भी संपत्ति को चर्च एवं कब्रिस्तान बताकर ब्लैकमेल करते हैं। उन्होंने संतोष सागर को सरगना बताया है। वादी का कहना है कि मिशन बंगला की बेहट में स्थित भूमि पर कोई चर्च, प्रार्थनास्थल,कब्रिस्तान राजस्व रिकार्ड में भी नहीं है। आरोप है कि विपक्षी उसे ब्लैकमेल कर पांच करोड़ रुपये की डिमांड कर रहे हैं और धमकी दी जा रही है कि यदि रकम नहीं दी तो जान से मार दिया जाएगा। आरोपितों ने संपत्ति केयरटेकर प्रेमवती को भी जबरन बेदखल करने का प्रयास किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।