एंबुलेंस बनी लेबर रूम, रास्ते में गूंजी बेटी की किलकारी; कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से हुआ सुरक्षित प्रसव
सहारनपुर में 108 एंबुलेंस सेवा गर्भवती महिला और उसके नवजात के लिए जीवनरक्षक साबित हुई। रास्ते में प्रसव पीड़ा होने ...और पढ़ें
-1794918261051_m.webp)
स्वास्थ्यकर्मी की गोद में108 एंबुलेंस में जन्मी बच्ची। सौ. विभाग
HighLights
जिला अस्पताल पहुंचने से तीन किलोमीटर पहले महिला को हुई प्रसव पीड़ा।
रास्ते में ईएमटी ने सुरक्षित प्रसव कराया, जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ।
जागरण संवादाता, सहारनपुर। आपातकालीन स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा गर्भवती महिला और उसके नवजात के लिए जीवनरक्षक साबित हुई। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में महिला को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
ईएमटी ने एंबुलेंस में उपलब्ध डिलीवरी किट की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने बेटी को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
टोपूरी गांव निवासी सचिन की पत्नी गीता को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। स्वजन ने 108 एंबुलेंस सेवा पर फोन कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस गांव पहुंची। उसमें तैनात ईएमटी जगपाल और चालक नरेंद्र पाल गीता को लेकर जिला अस्पताल रवाना हुए।
अस्पताल से करीब तीन किलोमीटर पहले गीता की प्रसव पीड़ा तेज हो गई। स्थिति को देखते हुए ईएमटी जगपाल ने चालक नरेंद्र पाल से एंबुलेंस सुरक्षित स्थान पर रोकने को कहा। इसके बाद उन्होंने डिलीवरी किट निकालकर जरूरी सावधानियों के साथ प्रसव कराया।
कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव हुआ। बेटी की किलकारी से स्वजनों की चिंता खुशी में बदल गई। इसके बाद जच्चा और नवजात को जिला महिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने दोनों का स्वास्थ्य ठीक बताया।