75 लाख रुपये देने के बाद भी नहीं मिली NOC, सहारनपुर में CM ग्रिड योजना की स्मार्ट रोड का काम अटका
Saharanpur News: सहारनपुर में सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही स्मार्ट रोड का काम बिजली के खंभे हटाने की एनओसी न मिलने के कारण अटक गया है।

सहारनपुर में हकीकत नगर सीएम ग्रिड प्रथम योजना के निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर खड़े पुराने विद्युत पोल और सदर थाने को जाने वाले मार्ग के फुटपाथ पर पडे़ विद्युत केबिल। जागरण
HighLights
डेढ़ माह से विद्युत निगम के चक्कर काट रहे नगर निगम कर्मी।
खंभे हटाने की अनुमति नहीं मिलने से निर्माण कार्य प्रभावित।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। शहर की प्रमुख सड़कों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए शुरू की गई सीएम ग्रिड योजना विभागीय समन्वय की कमी के कारण प्रभावित होती नजर आ रही है। कलक्ट्रेट तिराहे से दीवानी कचहरी तिराहे तक बनने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी स्मार्ट रोड का काम बिजली के खंभों को हटाने की प्रक्रिया में उलझ गया है।
हैरत की बात यह है कि पुरानी बिजली के खंभे हटाने के लिए नगर निगम विद्युत निगम को 75 लाख रुपये का भुगतान भी कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद डेढ़ माह बीतने पर भी एनओसी जारी नहीं हो सकी है। इसके लिए दो बार पत्राचार भी किया जा चुका है।
सीएम ग्रिड योजना के तहत कलक्ट्रेट तिराहे से हकीकत नगर, आईएमए भवन और सदर कोतवाली के सामने से होते हुए दीवानी कचहरी तिराहे तक सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। करीब 1.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सड़क को आधुनिक स्वरूप देने के साथ ही यातायात सुविधाओं में सुधार किया जाना है। इस प्रोजेक्ट का 29 करोड़ रुपये से कार्य पूरा किया जाना है।
इसके लिए सड़क निर्माण और फुटपाथ का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन पुराने विद्युत खंभों को हटाया नहीं जा सका। नगर निगम ने खंभों को हटाने और संबंधित विद्युत कार्यों के लिए विद्युत निगम को 75 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करा दी है।
भुगतान के बाद उम्मीद थी कि विद्युत निगम जल्द ही आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर एनओसी जारी कर देगा। जिससे खंभे हटाने का काम शुरू हो सके, मगर डेढ़ माह गुजरने के बाद भी एनओसी नहीं मिल पाई है। इससे परियोजना का काम प्रभावित हो रहा है।
दो विभागों के बीच फंसी स्मार्ट रोड
स्मार्ट रोड का निर्माण नगर निगम की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसके बावजूद विद्युत निगम से एनओसी मिलने में हो रही देरी ने परियोजना की प्रगति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर निगम की तरफ से भुगतान किए जाने के बाद भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से विभागीय तालमेल की कमी सामने आ रही है।
इन्होंने कहा
सीएम ग्रिड के अंतर्गत स्मार्ट रोड का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन विद्युत खंभे को हटाया जाना। इसके लिए विद्युत निगम की तरफ से एनओसी नहीं मिल सकी।
एमपी मिश्रा, चीफ इंजीनियर।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।