गोल कोठी में बड़ी चोरी: मॉर्निंग वॉक पर गईं सर्राफ की पत्नी और घर से चोरी हो गए ₹50 लाख के जेवर; किचन में मिला गंडासा
Saharanpur News: सहारनपुर के जैन बाग गोल कोठी में सर्राफ नीटू जैन के घर से दिनदहाड़े 50 लाख रुपये के ...और पढ़ें

सहारनपुर के जैन बाग गोल कोठी क्षेत्र में सर्राफ नीटू जैन का आवास।
HighLights
सहारनपुर में सर्राफ के घर हुई चोरी।
पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी फुटेज।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। मंडी कोतवाली क्षेत्र के जैन बाग गोल कोठी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया है। गोल कोठी निवासी जाने माने सर्राफ नीटू जैन के आवास से लाखों रुपये के जेवरात चोरी हो गए। परिवार के अनुसार चोरी गए जेवरात की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है और पूरे मोहल्ले में चर्चा का बाजार गर्म है।
बताया जा रहा है कि नीटू जैन की पत्नी मंगलवार की सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर गई थीं। वॉक से लौटने के बाद जब वह घर के ऊपर की किचन में गईं तो वहां का नजारा देखकर वह चौंक गईं। किचन में एक गंडासा पड़ा हुआ था। गंडासा देखकर उन्हें कुछ अनहोनी की आशंका हुई। वह तुरंत अपने कमरे में पहुंचीं और अलमारी को देखा तो उनके होश उड़ गए। अलमारी में रखा सारा जेवर गायब था। चोरों ने बड़ी ही सफाई से अलमारी से सोने चांदी के सभी जेवरात पार कर दिए थे।
घर के अंदर गंडासा मिलने से यह आशंका और गहरी हो गई है कि चोर किसी वारदात को अंजाम देने की पूरी तैयारी के साथ घर में घुसे थे। इस घटना ने परिवार को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इतनी बड़ी वारदात कब और कैसे हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस के उच्च अधिकारियों सहित पुलिस की टीम पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।
यह भी पढ़ें- जिला बदर 'बिच्छू' तमंचे के साथ गिरफ्तार, बदमाश के मेरठ जिले की सीमा में मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर घर में किस रास्ते से घुसे, कितने लोग इस वारदात में शामिल थे और वह किस दिशा में फरार हुए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है। जैन बाग गोल कोठी जैसे इलाके में हुई इस बड़ी चोरी के बाद लोगों में भय का माहौल है।
मोहल्ले के लोग घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए। वहीं सर्राफा बाजार में भी इस घटना की जमकर चर्चा हो रही है। व्यापारी वर्ग ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और जेवरात बरामद करने की मांग की है। सीओ प्रथम सारिका चौधरी ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है। सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।