जिला बदर 'बिच्छू' तमंचे के साथ गिरफ्तार, बदमाश के मेरठ जिले की सीमा में मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई
Meerut News: पुलिस ने दो महीने पहले जिला बदर हुए बदमाश वसीम उर्फ बिच्छू को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। वह जिले की सीमा में दोबारा घुस आया था।

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
बदमाश वसीम उर्फ बिच्छू को मेरठ की दहेली गेट पुलिस ने किया गिरफ्तार।
उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत किया था जिला बदर।
जागरण संवाददाता, मेरठ। दो महीने पहले जिला बदर हुए बदमाश को दहेली गेट पुलिस ने तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने पूछताछ के बाद बदमाश को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पूर्वा अहमद नगर निवासी वसीम उर्फ बिच्छू पुत्र इकरामुद्दीन को उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के अन्तर्गत अपर नगर मजिस्ट्रेट छह महीने के लिए जिला बदर किया था। जिसके बाद दहेली गेट पुलिस वसीम को 25 सितम्बर को मेरठ जिले की सीमा से बाहर गाजियाबाद सीमा में छोड़ आई थी।
सोमवार को थाना पुलिस को जानकारी मिली कि वसीम जिले की सीमा में घूम रहा है। देर रात में पुलिस ने वसीम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है। थाना प्रभारी राहुल कुमार का कहना है कि वसीम पर आठ मुकदमे दर्ज है l वह एक शातिर किस्म का बदमाश है l
सेना में भर्ती कराने के नाम पर धोखाधड़ी में शामिल आरोपित गिरफ्तार
मेरठ : सेना में भर्ती कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिराेह में शामिल आरोपित को सवा दो वर्ष बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सेना में भर्ती कराने के नाम पर युवकों से धोखाधड़ी के मामले में पांच आरोपित अरविंद राणा उर्फ आनंद हवलदार, योगेश गौतम, अजय उर्फ गुरुजी, बिट्टू उर्फ पहलवान और विष्णु उर्फ बलराम के खिलाफ सवा दो वर्ष पहले मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने अरविंद राणा समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विवेचना के दौरान शक्ति पुत्र समुंदर सिंह निवासी गांव श्यौरावली थाना जनूथर जिला डींग राजस्थान का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस टीम तभी से शक्ति की धरपकड़ में जुटी है। सोमवार को पुलिस टीम ने शक्ति को उसके घर से ही गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूछताछ कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी रामप्रकाश शर्मा का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जांच की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।