मस्जिद में इमाम ने इलाज के बहाने महिला से किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मस्जिद में इमाम ने इलाज के बहाने विधवा महिला को नशा सुंघाकर दुष्कर्म किया। मोबाइल से उसकी अश्लील वीडियो बना ली और उसके बाद महिला के घर जाकर भी दुष्कर्म करने लगा। इमाम ने महिला की नाबालिग बेटी के साथ भी दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर इमाम की पत्नी कुछ लोगों को लेकर महिला के घर आ धमकी और मारपीट की।

संवाद सहयोगी, स्वार। मस्जिद में इमाम ने इलाज के बहाने विधवा महिला को नशा सुंघाकर दुष्कर्म किया। मोबाइल से उसकी अश्लील वीडियो बना ली और उसके बाद महिला के घर जाकर भी दुष्कर्म करने लगा। इमाम ने महिला की नाबालिग बेटी के साथ भी दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर इमाम की पत्नी कुछ लोगों को लेकर महिला के घर आ धमकी और मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में इमाम और उसकी पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर इमाम को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला जिले की स्वार काेतवाली क्षेत्र का है। यहां के एक निवासी महिला के पति की मौत हो चुकी है। छह माह पूर्व उसकी तबीयत खराब हुई थी। महिला ने इलाज कराया। इस दौरान गांव की मस्जिद में इमामत कर रहे मौलाना को भी अपनी तबीयत के बारे में बताया तो मौलाना ने जादू टोने होने का असर बताया। महिला को बुलाकर एक ताबीज बनाकर दे दिया और कहा इसे बांध लेना।
आरोप है कि ताबीज बांधकर इमाम उसे मस्जिद के एक कमरे में ले गया और नशा सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद मौलाना ने दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो बनाई। महिला ने विरोध किया तो मौलाना ने वीडियो प्रसारित करने व जान से मारने की धमकी दी। महिला ने लोकलाज के डर से शिकायत नहीं की और अपने घर चली गई।
इसके बाद मौलाना ने कई बार डरा धमकाकर दुष्कर्म किया। 27 अगस्त की रात्रि में इमाम ने महिला के घर पहुंच कर दुष्कर्म किया। महिला की नाबालिग बेटी के साथ भी दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला की बेटी ने विरोध किया और इमाम को वहां से भगा दिया। बाद में इमाम की पत्नी 10 अज्ञात लोगो को लेकर महिला के घर पहुंच गई। गाली गलौज और मारपीट की। सोमवार को पीड़ित महिला ने स्वार कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
स्वार कोतवाली प्रभारी प्रदीप मलिक ने बताया कि महिला की शिकायत पर इमाम गुलाम हुसैन व उसकी पत्नी शायरा के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट, मारपीट, धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्राथमिकी में 10 अज्ञात हैं। इमाम को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपितों की भी तलाश की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।