तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बोलेरो के परखच्चे उड़े, एक महिला की मौत और 14 घायल; शादी से लौट रहे थे सभी
Raebareli Accident News In Hindi रायबरेली में एक भीषण सड़क हादसे ने एक महिला की जान ले ली और 14 अन्य घायल हो गए। तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो को टक्कर मार दी जिससे बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। मृतक महिला बरात से वापस आ रही थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। शादी समारोह से वापस घर लौट रहे ग्रामीणों की बोलेरो और एक डंपर के बीच रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग स्थित मिल एरिया के मालिन का पुरवा में देर रात आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, इनमें 12 की हालत नाजुक होने के चलते उन्हें एम्स रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को शहर के डिडौली स्थित एक होटल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए अमेठी के शिवपुर थाना जामों से कुछ लोग परिवार संग आए थे। देर रात सभी बोलेरो से वापस घर लौट रहे थे। मालिन का पुरवा में बोलेरो और एक तेज रफ्तार डंपर में आमने सामने टक्कर हो गई।
बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। घायलों की चीख पुकार सुन आस पास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगाें ने मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना में श्रीमती पत्नी विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र अंशू, टिररु, पुत्री निधि, संगीता व उनके पुत्र रुद्र, कार्तिक, नायरा समेत गांव के ही श्रीराम, सुगनिया, घनश्याम, टैंसी, गौरव, चालक गौरियाबाद निवासी अरुण दुबे व एक अज्ञात गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद आनन फानन सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के चलते टैंसी व गौरव के अतिरिक्त सभी को एम्स रेफर किया गया है।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर व पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और अधिकारियों का आवश्यक निर्देश दिए। थानाध्यक्ष राजीव सिंह का कहना है कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।