Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज में फायरिंग, हाथ में गोली लगने से तीर्थ पुरोहित घायल, गंगा के दशाश्वमेध घाट पर तख्त लगाने का विवाद

    Updated: Sun, 13 Jul 2025 01:08 PM (IST)

    प्रयागराज के दारागंज मुहल्ला में मोरी गेट की तरफ एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान झगड़ा होने लगा। किसी ने फायरिंग भी कर दी। वहां मौजूद एक तीर्थ पुरोहित के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। विवाद गंगा तट पर तख्त रखने को लेकर हुआ था।

    Hero Image
    प्रयागराज में गंगा तट पर तख्त लगाने को लेकर विवाद में हुई फायरिंग में तीर्थ पुरोहित घायल हो गया।

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगा नदी के तट पर तख्त रखने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद की परिणति फायरिंग से हुई। शनिवार देर रात दोनों पक्ष आपने-सामने हुए तो झगड़ने लगे। इसी दौरान किसी ने फायरिंग कर दी। गोली एक तीर्थ पुरोहित के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इन दिनों गंगा जमुना का पानी बढ़ने के साथ ही तीर्थ पुरोहितों के बीच तख्त लगाने को लेकर विवाद शुरू हो गया है। संगम से हटकर दशाश्वमेध घाट पर तख्त लगाने को लेकर शनिवार रात तीर्थ पुरोहित लखन मिश्रा और विमल मिश्रा के बीच विवाद हो गया। हंगामा मचने की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करते हुए उनके तख्त लगवाए।

    इसके बाद शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे दोनों पक्ष एक बार फिर दारागंज मुहल्ला स्थित मोरी गेट की तरफ आमने-सामने हो गए। उनके बीच दोबारा झगड़ा होने लगा। इसी दौरान फायरिंग की गई, जिसमें लखन मिश्रा के हाथ में गोली लग गई।

    घटना से अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करते हुए घायल तीर्थ पुरोहित को अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद रविवार सुबह पीड़ित की तहरीर पर विमल मिश्रा, ऋतिक सहित कई अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। हालांकि अभी कोई भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है।