प्रयागराज-गोरखपुर वंदे भारत अब दोगुनी रफ्तार में, 8 जून से दौड़ेगी 16 कोच की रेक, ये है टाइमटेबल
प्रयागराज-गोरखपुर वंदे भारत 8 जून से 16 कोचों के साथ चलेगी हालांकि वर्तमान में यह ट्रेन खाली चल रही है। कम राजस्व के कारण संचालन समय में बदलाव की मांग है। अब इसमें 8 नए कोच जोड़े जा रहे हैं जिससे कुल 16 कोच होंगे। ट्रेन में दो एग्जीक्यूटिव और 14 एसी चेयरकार होंगे जिससे 1264 यात्री यात्रा कर सकेंगे। रेल प्रशासन ने नई समय सारिणी जारी कर दी है।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज-गोरखपुर वंदे भारत आठ जून से 16 कोच के रेक के साथ चलेगी। हालांकि गोरखपुर वंदे भारत पहले से ही खाली चल रही है। अभी इसकी पूरी सीटें भी नहीं भर पा रही हैं। सबसे अधिक कम राजस्व एकत्रित करने वाली ट्रेनों में वंदे भारत भी शामिल है।
लंबे समय से इसके प्रयागराज से संचालित होने के समय में बदलाव की मांग की जा रही है, वह मांग तो पूरी नहीं हुई। अब इस ट्रेन में आठ जून से आठ नए कोच जोड़े जा रहे हैं। प्रयागराज से लखनऊ-अयोध्या के रास्ते गोरखपुर के बीच चलने वाली इस सेमी हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस में अभी आठ कोच हैं। यानी आठ कोच वाली रेक से ही इसका संचालन हो रहा है।
नई तैयारी के तहत इसे 16 कोच की आधुनिक रेक से बदला गया है। वर्तमान में गोरखपुर-प्रयागराज मार्ग पर चल रही वंदे भारत (ट्रेन नंबर 22549/50) में अभी तक सात एसी चेयरकार और एक एग्जीक्यूटिव चेयरकार शामिल हैं। अब 16 कोच की वंदे भारत में दो एक्जीक्यूटिव कोच और 14 एसी चेयरकार कोच होंगे।
अब इस ट्रेन में एक साथ 1,264 यात्री बैठ सकेंगे। रेल प्रशासन ने नए रेक के साथ ट्रेन के संचालन की समय सारिणी जारी कर दी है। सात जुलाई 2023 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोरखपुर से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसे 14 मार्च 2024 को गोरखपुर से प्रयागराज तक विस्तार किया गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।