Maha Kumbh: आपात प्लान लागू, अगर प्रयागराज जंक्शन से ट्रेन पकड़नी है तो यहां से मिलेगा प्रवेश
महाकुंभ 2025 में प्रयागराज जंक्शन पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए आपातकालीन भीड़ प्रबंधन योजना लागू की गई है। यात्रियों को अब सिटी साइड से ही प्रवेश मिलेगा। वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है। भीड़ को डायवर्ट नहीं किया जा रहा है जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। प्रयागराज जंक्शन पर एक ओर से प्रवेश और एक ओर से निकास की व्यवस्था लागू कर दी गई है।

जागरण संवाददाता, महाकुंभ नगर। प्रयागराज जंक्शन पर अचानक उमड़ी भीड़ के बाद भीड़ प्रबंधन का आपात प्लान लागू कर दिया गया है। अब यात्रियों को अगर प्रयागराज जंक्शन से ट्रेन पकड़नी है तो उन्हें सिटी साइड जाना होगा।
यहां आश्रय स्थल के जरिए यात्रियों को प्रवेश दिया जा रहा है। इसके अलावा अन्य गेट भी यात्रियों के लिए खुले हैं, जो यात्री अन्य गेट से भी प्रवेश कर रहे हैं, उन्हें रोका नहीं जा रहा है। हालांकि वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है ताकि जाम की स्थिति स्टेशन पर परिसर में न उत्पन्न हो।
जब भीड़ को नहीं किया गया डायवर्ट
शुक्रवार को मेला क्षेत्र से जानसेनगंज होकर आ रही भीड़ को डायवर्ट नहीं किया गया, उन्हें सीधे प्रयागराज जंक्शन पर प्रवेश दे दिया गया। जबकि जो यात्री सिविल लाइंस साइड में पहुंचे उन्हें पानी की टंकी की ओर से घूम कर जाना पड़ा।
कानपुर के रहने वाले अमृतेश चतुर्वेदी अपने परिवार के साथ पैदल ही सिविल लाइंस साइड में पहुंच गए। उन्होंने बताया कि यहां तक आने से रोका नहीं गया और न ही कोई सूचना आगे दी गई। जिसके कारण वह परिवार के साथ पैदल चल आए। अब आगे फिर तीन किमी पैदल घूमकर जाने को कहा जा रहा है।
अगर नियम बदलना है तो स्टेशन पर मार्ग पर ही लोगों को जानकारी उपलब्ध कराएं। इसी तरह अयोध्या के लिए ट्रेन पकड़ने आए 67 वर्षीय अनंत कुमार और उनकी पत्नी देवकली बस पकड़ने के लिए सिविल लाइंस बस अड्डे के बाहर खड़े थे। यहां टीन से बस अड्डे का प्रवेश द्वार बंद मिला।
उन्हें बताया गया कि बस यहां नहीं मिलेगी आप चाहे तो स्टेशन चले जाएं। दोनों जंक्शन पर सिविल लाइंस साइड पहुंचे तो पता चला कि या तो सिटी साइड में वह घूम कर जाएं या प्रयाग स्टेशन जाएं वहां ट्रेन मिलेगी। यह क्रम दिन भर चलता रहा।
स्नान दिवस न होने पर भी अत्यधिक भीड़ के कारण प्रयागराज जंक्शन पर एक ओर से प्रवेश और एक ओर से निकास की व्यवस्था लागू कर दी गई है। इससे सिटी साइड से सिर्फ यात्रियों को प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि बाहर निकलने के लिए सिविल लाइंस साइड का प्रयोग हो रहा है।
मंडल पीआरओ ने क्या कहा?
मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा और सुगमता से प्रवेश/निकासी के लिए प्रयागराज जंक्शन पर सात फरवरी की सुबह 8:00 बजे से अग्रिम आदेश तक एकल दिशा मूवमेंट लागू कर दिया गया है।
इस दौरान प्रवेश केवल सिटी साइड (प्लेटफ़ार्म नं.-एक की ओर) से दिया जाएगा और निकास केवल सिविल लाइंस साइड की ओर से होगा। अनारक्षित यात्रियों को दिशावार यात्री आश्रय के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। टिकट की व्यवस्था यात्री आश्रयों में अनारक्षित टिकट काउंटर, एटीवीएम और मोबाइल टिकटिंग के रूप में रहेगी।
आरक्षित यात्रियों को प्रवेश गेट संख्या पांच के माध्यम से दिया जाएगा और उन्हें गाड़ी आने से आधे घंटे पहले ही प्लेटफार्म पर जाने की अनुमति होगी। इस दौरान स्टेशन के दोनों और आवागमन के लिए पर्याप्त साधनों की उपलब्धता बनी रहेगी।
ये भी पढ़ें -
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।