विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Maha Kumbh 2025: प्रयागराज जंक्शन पर तैनात होंगे स्नाइपर, इनका निशाना है अचूक; संभालेंगे ये बड़ी जिम्मेदारी

Published: Fri, 27 Dec 2024 09:40 PM (IST)

महाकुंभ के दौरान प्रयागराज जंक्शन पर अर्द्धसैनिक बलों के स्नाइपर्स तैनात होंगे। स्टेशन की छत पर विशेष पोस्ट बनाकर संदिग्ध ...और पढ़ें

प्रयागराज जंक्शन पर तैनात होंगे स्नाइपर। प्रतीकात्मक तस्वीर।
प्रयागराज जंक्शन पर तैनात होंगे स्नाइपर। प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. जमीन से ऊपर रहकर हर गतिविधि पर नजर रखेंगे स्नाइपर
  2. अचूक निशाना व मिला है हर परिस्थिति से लड़ने का विशेष प्रशिक्षण

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। महाकुंभ के दौरान रेलवे स्टेशन और यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक सुनिश्चित करने के लिए अर्द्धसैनिक बलों के विशेष स्नाइपर्स की तैनाती प्रयागराज जंक्शन पर होगी। इन प्रशिक्षित और कुशल निशानेबाजों का लक्ष्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और किसी भी संभावित खतरे का तत्काल मुकाबला करना है। प्रयागराज जंक्शन पर सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, स्टेशन बिल्डिंग की छत पर स्नाइपरों के लिए विशेष पोस्ट का निर्माण किया गया है। स्टेशन के कोनों पर बनी पोस्ट से स्नाइपर्स 24 घंटे निगरानी करेंगे।

यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता 

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्नाइपर्स की तैनाती का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि का त्वरित समाधान करना है। इन स्नाइपर्स की दृष्टि और सटीक निशाना अचूक है। यह विषम परिस्थितियों में आरपीएफ-जीआरपी को कवर भी देंगे।

महाकुंभ में लाई गई स्पीड मोटर बोट

महाकुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक प्रयागराज आएंगे, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से ये कदम अत्यंत आवश्यक हैं। स्नाइपर्स की इस तैनाती के साथ ही, अन्य सुरक्षा उपायों को भी लागू किया गया है, जैसे कि सीसीटीवी कैमरे, आरपीएसएफ, आरपीएफ, जीआरपी की अतिरक्ति टुकड़ी यहां तैनात रहेगी।

यात्री के सामान की गहनता से होगी जांच

साथ ही यहां आने वाले हर यात्री के सामान की गहनता से जांच की जाएगी। मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि सभी यात्रियों से अनुरोध किया जा रहा है कि वे सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत सुरक्षा अधिकारियों को सूचित करें। महाकुंभ का त्योहार सभी के लिए सुखद और सुरक्षित होगा, इसलिए हम दृढ़ निश्चत होकर कार्य कर रहे हैं।

कुंभ क्षेत्र से लेकर रेलवे स्टेशन तक परखी आपात तैयारी

महाकुंभ की तैयारियों को जमीनी स्तर पर परखने के लिए शुक्रवार को रेलवे स्टेशनों पर माक ड्रिल हुई। प्रयागराज जंक्शन, नैनी, छिवकी, सूबेदारगंज, प्रयाग, संगम, फाफामऊ स्टेशन पर सुरक्षा इंतजाम परखे गए। माक ड्रिल में श्रद्धालुओं को यात्री आश्रय संख्या चार से प्लेटफार्म दो पर लाया गया। प्लेटफार्म दो पर भगदड़ का दृश्य तैयार हुआ। 10 यात्री घायल हुए तो कंट्रोल टावर सूचना मिली।

तत्काल एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, रैपिड एक्शन टीम एवं क्विक रिस्पांस टीम सक्रिय हुई। यात्रियों को जगह जगह रोक दिया गया। एफओबी चार से छह के बीच ग्रीन कारिडोर बनाया गया। तत्काल घायलों को प्राथमिक चिकित्सा देकर एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि महाकुंभ में आरपीएफ के 25 अधिकारियों के साथ 5500 अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहेगी।

प्रयागराज जंक्शन स्टेशन पर एनडीआरएफ के नेतृत्व में माक ड्रिल हुआ। इसमें एसडीआरएफ, रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस, रैपिड एक्शन टीम, क्विक रिस्पांस टीम, वाणिज्य विभाग व चिकित्सा टीम, एडीआरएम संजय सिंह, स्टेशन निदेशक वीके द्विवेदी, एसपी जीआरपी अभिषेक यादव, सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ संदीप कुमार समेत 500 से अधिक कर्मचारियों ने माक ड्रिल में हिस्सा लिया। प्रयाग, फाफामऊ व संगम स्टेशन पर डीआरएम लखनऊ एसएम शर्मा की अगुवाई में माक ड्रिल हुआ। इस दौरान एडीआरएम सचिन वर्मा आदि मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।