प्रयागराज में टला बड़ा हादसा: पीपा हटाते समय क्रेन पलटने से मचा हड़कंप, चार मजदूर घायल
उत्तर प्रदेश में एक बड़ा हादसा टल गया है। यहां प्रयागराज में गंगा नदी पर बने पांटून पुल का पीपा हटाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। क्रेन पलटने से चार मजदूर घायल हो गए। तीन को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है जबकि एक मजदूर का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। महाकुंभ के दौरान गंगा में बने पीपा पुल को लोक निर्माण विभाग हटाने लगा है। कर्जन ब्रिज के पूरब पुल नंबर 23 को हटाने के दौरान रविवार को हाइड्रा का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गई। इसकी चपेट में चालक सहित तीन श्रमिक घायल हाे गए। हाइड्रा गंगा में गिरी तो उसमें बैठे श्रमिक लक्ष्मण निषाद के कंधे पर गंभीर चोट आ गई।
म्योहाल के पास निजी हास्पिटल में उनका उपचार किया जा रहा है। तीन अन्य श्रमिक को हल्की चोट आई, जिन्हें तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय में उपचार कर घर भेज दिया गया। फाफामऊ पांटून पुल संख्या 23 का पीपा हटाने का कार्य कराया जा रहा है।
रविवार की सुबह हाइड्रा से पीपा उठाया जा रहा था इसी दौरान उसका संतुलन एकाएक गड़बड़ा गया। इससे वह गंगा में गिर गई। इसके चलते श्रमिक मुन्ना, राम अधार, श्रवण कुमार और लक्ष्मण को चोट लग गई।

पीपापुल। जागरण (सांकेतिक तस्वीर)
इसे भी पढ़ें- ऑनलाइन परीक्षा में धोखाधड़ी कर दारोगा ने पाई नौकरी, अंगूठे के निशान ने खोला पोल
महाकुंभ के दौरान बनाए गए पीपा पुलों को हटाया जा रहा है। रविवार को पुल में लगे पीपा को हटाने के दौरान हाइड्रा का संतुलन गड़बड़ा गया था जिससे वह गंगा नदी में गिर गया। इस दौरान चालक सहित चार लोगों को चोट आई है। उपचार कराया जा रहा है,जल्द ही सभी स्वस्थ हो जाएंगे। -नवीन कुमार शर्मा, अधिशासी अभियंता,लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड तीन
बताया जा रहा है कि लक्ष्मण निषाद हाइड्रा में बैठा था उसके कंधे पर बैटरा गिर गया जिससे उसके कंधे में गंभीर चोट आई है। महाकुंभ के दौरान लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड तीन की ओर से पीपा पुल का निर्माण किया गया था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।